हैदराबाद, बॉलीवुड अभिनेत्री दीया मिर्जा ने मंगलवार को अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी के व्यवहार को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया, जिसने उनके प्रशंसकों को हैरान कर दिया है। दीया ने अपनी पोस्ट में नवाजुद्दीन को टैग करते हुए उनके साथ काम करने के अनुभव को ‘बुरा सपना’ करार दिया और उनके बर्ताव व एटिट्यूड पर कड़े सवाल उठाए। अभिनेत्री ने उन्हें एक ‘ऑफेंसिव कैरेक्टर’ बताते हुए कहा कि उन्हें बात करने की तमीज तक नहीं है, हालांकि दीया ने अपनी इस तीखी टिप्पणी के पीछे की कोई स्पष्ट वजह या संदर्भ साझा नहीं किया है।
दीया के पोस्ट के कुछ ही मिनटों बाद नवाजुद्दीन ने शेयर की इंस्टा स्टोरी, तस्वीर पर लिखा 1K ओंकार और गुरु नानक देव जी
दीया मिर्जा द्वारा सोशल मीडिया पर की गई इस आलोचना के तुरंत बाद अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट साझा कर प्रतिक्रिया दी। नवाज द्वारा शेयर की गई उस तस्वीर में एक पार्क क्षेत्र की लोहे की कुर्सी दिखाई दे रही है, जिसके ऊपर ‘1K ओंकार’ और नीचे ‘गुरु नानक देव जी’ लिखा हुआ है। दोनों कलाकारों के इन पोस्ट्स के सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स और उनके फैंस असमंजस में पड़ गए हैं कि आखिर अचानक दोनों के बीच ऐसा क्या हुआ है।
सोशल मीडिया यूजर्स इसे मान रहे हैं किसी आगामी फिल्म या सीरीज का पीआर स्टंट, प्रमोशन का नया तरीका बता रहे फैंस
इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया यूजर्स और फैंस ने इसे किसी नई फिल्म या वेब सीरीज के प्रमोशन का हथकंडा (PR Stunt) करार दिया है। ज्यादातर लोगों का मानना है कि दोनों कलाकार किसी आने वाले प्रोजेक्ट में साथ नजर आने वाले हैं और यह पब्लिसिटी पाने का एक नया तरीका हो सकता है। हालांकि, अभी तक न तो दीया मिर्जा और न ही नवाजुद्दीन सिद्दीकी की तरफ से इन पोस्ट्स के आधिकारिक कारणों या किसी नए प्रोजेक्ट को लेकर कोई पुष्टि की गई है।

