जबलपुर: लीज-होल्ड भूमि को फ्री-होल्ड कराने में बड़ी सफलता मिली है। फायर सेफ्टी एक्ट की मांग पर मंत्री से आश्वासन विधानसभा सत्र में मिला है। वहीं भोपाल एवं इंदौर की तर्ज पर जबलपुर में सुपर 100 की हो शुरूआत करने की मांग भी की गई है।इसके साथ ही मेहता पेट्रोल पंप से अग्रसेन चौक तक 17 करोड़ की लागत से सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा। आई.टी.आई. से दीनदयाल ओवरब्रिज के लिए 371 करोड़ रुपये पहले ही आवंटित किए जा चुके हैं, जिसका काम जल्द ही शुरू होगा। ये सारी बातें उत्तर मध्य विधानसभा के विधायक अभिलाष पांडे ने आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान कहीं। विधायक डॉ. अभिलाष पाण्डेय ने यह भी कहा कि उन्होंने सदन में जबलपुर का नाम जाबालि ऋषि करने, हनुमानताल में दो दिवसीय जबलपुर महोत्सव आयोजित करने और मंदिरों में पुजारियों का मानदेय तय करने की भी मांग की।
3 माह में पूरी होगी फ्री होल्ड करने की कार्रवाई
इस दौरान विधायक अभिलाष पांडे ने ये भी कहा कि ई-बसों के संचालन की घोषणा से व्यापारिक केंद्र उत्तर मध्य विधानसभा क्षेत्र में आवागमन को और सुविधाजनक बनाया जा सकेगा। प्रेसवार्ता में विधायक ने स्पष्ट किया कि उन्होनें विधानसभा सत्र में जनहित से जुड़े कई मुद्दे उठाए जिसमें कई अहम मुद्दों पर आश्वासन मिला है।
सुभद्रा कुमार चौहान, भवानी प्रसाद तिवारी, स्वामी दयानंद सरस्वती एवं राममनोहर लोहिया वार्डों में निवासरत लगभग 5,000 परिवारों की लीज-होल्ड भूमि की समस्या पर नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने आश्वासन दिया कि आगामी तीन माह के भीतर नियमों को सरल बनाते हुए लीज-होल्ड भूमि को फ्री-होल्ड करने की कार्यवाही पूर्ण कर ली जाएगी।
तीन माह में सामने आए फायर सेफ्टी एक्ट
घने बसाहट वाले क्षेत्रों जैसे बड़ा फुहारा, गढ़ाफाटक, सराफा,कछियाना, मिलौनीगंज, निवाड़गंज आदि में फायर ब्रिगेड की पहुंच मुश्किल है, ऐसे में एक सुदृढ़ फायर सेफ्टी एक्ट और अनिवार्य फायर ऑडिट की अत्यंत आवश्यकता है एवं क्षेत्रीय आधार पर फायर स्टेशन बनाने की मांग विधायक ने की तो नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने आश्वासन दिया कि केंद्र के मॉडल एक्ट के आधार पर मध्यप्रदेश का फायर सेफ्टी एक्ट अगले 2-3 महीनों में लाकर प्रस्तुत कर दिया जाएगा। डॉ. पाण्डेय ने इसे प्रदेशवासियों की सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।विधायक डॉ. अभिलाष पाण्डेय ने सभी मुद्दों को सदन में प्रभावी ढंग से उठाने और सकारात्मक आश्वासन मिलने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा एवं सम्बंधित मंत्रियों का आभार व्यक्त किया।
