भोपाल: प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर एक ओर जहां प्रदेशवासियों को विश्व वन्यजीव दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं, वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता और चंदेरी के पूर्व विधायक राव राजकुमार सिंह यादव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि मध्यप्रदेश में वन्यजीवों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं, ताकि संतुलित और टिकाऊ जैव विविधता मॉडल मजबूत हो तथा प्रदेश वन्य जीवन के लिए आदर्श बन सके।
उन्होंने कहा कि प्रकृति और वन्य प्राणियों की रक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य एवं चंदेरी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक राव राजकुमार सिंह यादव के निधन को अत्यंत दुखद बताया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों को यह पीड़ा सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
