इंदौर: सावन के अंतिम सोमवार को शिवभक्ति की अनुपम छटा देखने को मिली. पंचकुइया मोक्षधाम स्थित श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर से निकली भव्य शाही सवारी ने पूरे पश्चिम क्षेत्र को भक्ति से सराबोर कर दिया. भगवान भूतेश्वर महादेव दूल्हे के स्वरूप में पांच मिंटल सुगंधित फूलों से सजी पालकी व रथ में विराजित हुए.उनके दर्शन हेतु सैकड़ों श्रद्धालु भूत-पिशाच, ओघड़ और अन्य पारंपरिक स्वरूपों में यात्रा में शामिल हुए.
हर-हर महादेव के जयघोषों के बीच यात्रा पंचकुइया से प्रारंभ होकर बड़ा गणपति, राजबाड़ा, यशवंत रोड, नरसिंह बाजार, मालगंज, राजमोहल्ला होते हुए पुनः मंदिर लौटी. पूरे मार्ग पर 200 से अधिक स्वागत मंचों से पुष्पवर्षा की गई. मंदिर के मुख्य पुजारी पं. हरीशानंद तिवारी ने बताया कि यह यात्रा भगवान के भक्तों से संवाद और आशीर्वाद का माध्यम है.यात्रा में पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय, विधायक रमेश मेंदोला सहित अनेक जनप्रतिनिधि व श्रद्धालु सम्मिलित हुए.
