सीबीआई ने मनाली में सहायक गैरिसन इंजीनियर को रिश्वत मामले में गिरफ्तार किया

शिमला, 04 जुलाई (वार्ता) केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने हिमाचल प्रदेश के मनाली में सैन्य इंजीनियरिंग सेवा के एक सहायक गैरिसन इंजीनियर के. के. सोनी को रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार किया है।

सीबीआई ने एक ठेकेदार फर्म में सुपरवाइजर के रूप में काम करने वाले की शिकायत के आधार पर तीन जुलाई को सोनी के खिलाफ मामला दर्ज किया था। सोनी ने शिकायतकर्ता से उसकी फर्म के बिल पास करने के बदले 93,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी।

शिकायतकर्ता ने आरोपी को उसके कार्यालय में रिश्वत की आंशिक राशि के रूप में 40,000 रुपये का भुगतान किया। आरोपी ने शिकायतकर्ता से बची हुई 53,000 रुपये की रिश्वत राशि के साथ दोबारा अपने कार्यालय आने को कहा था।

सीबीआई ने शनिवार को जाल बिछाकर सोनी को शिकायतकर्ता से कुल 93,000 रुपये की मांग करने और रिश्वत की बची हुई 53,000 रुपये की राशि स्वीकार करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

आरोपी की स्वीकारी गई 40,000 रुपये की रिश्वत राशि भी मनाली के सैन्य इंजीनियरिंग सेवा क्षेत्र स्थित उसके आवास से बरामद कर ली गई है। उसके आवास पर तलाशी की कार्रवाई अभी जारी है और अब तक लगभग 10 लाख रुपये की अन्य नकदी भी बरामद की जा चुकी है।

आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और शिमला की सक्षम अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा।

 

Next Post

गरीब रथ से गायब हुआ जी-9 कोच

Sun Jul 5 , 2026
जबलपुर: जबलपुर से मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के लिए रवाना होने वाली 11187 गरीब रथ एक्सप्रेस शनिवार शाम एक गंभीर प्रशासनिक लापरवाही के कारण चर्चा का विषय बन गई। ट्रेन प्लेटफॉर्म पर पहुंची तो यात्रियों को पता चला कि उनकी बुकिंग वाला जी-9 कोच ट्रेन में मौजूद ही […]

You May Like