छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहाँ एक शासकीय प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक पर अपनी ही छात्राओं के साथ गंदी हरकतें और छेड़छाड़ करने के गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, स्कूल से लौटने के बाद 5 से 12 वर्ष की कई छात्राएं घर पहुँचकर रोने लगीं। जब परिजनों ने इसका कारण पूछा, तो बच्चियों ने अपनी आपबीती सुनाई। छात्राओं का आरोप है कि शिक्षक संजीव चतुर्वेदी (52) कक्षा में उनके साथ अश्लील हरकतें करते हैं, उन्हें गलत तरीके से छूते हैं और अपनी गोद में बिठाते हैं।
छात्राओं के डरे-सहमे चेहरे देखकर परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीण और परिजन तुरंत स्कूल पहुँचे और शिक्षक से जवाब मांगा, जिसके बाद वहां तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शिक्षक को हिरासत में लेकर थाने ले आई।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
ग्रामीणों के भारी विरोध और छात्राओं के बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक संजीव चतुर्वेदी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। महिला जांच अधिकारी उमा परिहार ने बताया कि वर्तमान में एक बच्ची की मां की ओर से प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस की टीम जल्द ही स्कूल और गांव जाकर अन्य बच्चियों व गवाहों के बयान दर्ज करेगी।
शिक्षक का पक्ष: “साजिश के तहत फंसाया”
वहीं, आरोपी शिक्षक ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया है। शिक्षक का दावा है कि स्कूल में मिड-डे मील (मध्याह्न भोजन) बनाने को लेकर उनका कुछ स्थानीय लोगों से पुराना विवाद चल रहा है। उनके अनुसार, इसी रंजिश के चलते उन्हें साजिशन इस मामले में घसीटा जा रहा है।
फिलहाल, पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।
