सतना: रक्षाबंधन के पावन अवसर पर कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस के निर्देशन में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने शुक्रवार को सोहावल जनपद अंतर्गत रामस्थान गांव पहुंचकर आदिवासी बहनों से राखी बंधवाई और भाई-बहन के स्नेह एवं आत्मीयता के पर्व को उनके साथ मनाया। अधिकारियों ने बहनों को मिठाई एवं उपहार भेंट कर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अपर कलेक्टर विकास सिंह, सीईओ जिला पंचायत शैलेंद्र सिंह, एसडीएम राहुल सिलाडिया, नगर निगम के इंजीनियर रोजल प्रताप सिंह, मुकेश चतुर्वेदी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आदिवासी बहनें उपस्थित रहीं।
रक्षाबंधन के अवसर पर जिले के वरिष्ठ अधिकारियों को अपने बीच पाकर आदिवासी बहनें बेहद खुश और उत्साहित नजर आईं। उन्होंने मंगलगान के साथ अधिकारियों का भाई के रूप में आत्मीय स्वागत किया। बहनों ने पारंपरिक रूप से राखी की थाल सजाकर अधिकारियों के माथे पर तिलक लगाया और उनकी कलाई पर राखी बांधी। इसके बाद बहनों ने अधिकारियों का मुंह मीठा कराया।
अधिकारियों ने भी बहनों के प्रति स्नेह और सम्मान व्यक्त करते हुए उन्हें मिठाई एवं उपहार भेंट किए तथा रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। गांव में आयोजित यह आयोजन भाई-बहन के प्रेम, सामाजिक समरसता और आपसी विश्वास का भावपूर्ण संदेश दे गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने भी रक्षाबंधन पर्व की खुशियां एक-दूसरे के साथ साझा कीं।
