नयी दिल्ली, 27 जून (वार्ता) उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा है कि सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विकसित भारत-2047 की यात्रा की रीढ़ हैं और देश की आर्थिक प्रगति में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
श्री राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा “शनिवार को यहां डॉ.आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में आयोजित अंतरराष्ट्रीय एमएसएमई दिवस-2026 समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि गुणवत्ता के साथ किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जा सकता।
एमएसएमई क्षेत्र की दीर्घकालिक सफलता के लिए नवाचार, प्रौद्योगिकी को अपनाना और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति आवश्यक बताते हुए उन्होंने उद्यमियों से कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) को खतरे के बजाय विकास के अवसर के रूप में अपनाने का आह्वान किया।
समारोह में केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी, राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
