नयी दिल्ली, (वार्ता) दिल्ली पुलिस के पश्चिमी जिले ने झारखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में एक अंतर-राज्यीय अभियान चलाकर, जामताड़ा और आसपास के राज्यों से साइबर अपराध गिरोहों से जुड़े 22 जालसाजों को गिरफ्तार किया है।
यह अभियान पांच दिनों तक चला, जिसमें पुलिस की सात विशेष टीमों के कुल 64 जवान और अधिकारी शामिल थे। इन टीमों ने बिराजपुर, करमाटाड़, सरवन, नारायणपुर, सारठ, फतेहपुर, नालंदा और अन्य जगहों सहित लगभग 17 स्थानों पर छापेमारी की।
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, इस गिरोह ने देश भर में 22,139 लोगों को अपना शिकार बनाकर कुल 20 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की है।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ नेशनल साइबरक्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर कुल 2,080 शिकायतें दर्ज हैं। इसके अलावा,एपीके फाइलों से जुड़ी 1,300 से अधिक शिकायतों की जांच की गई, जिसमें इस धोखाधड़ी के तरीके से जुड़ी लगभग 56 सोशल मीडिया प्रोफाइल की फॉरेंसिक जांच भी शामिल है।
पुलिस ने बताया कि इन साइबर अपराधियों के पास से 63 मोबाइल फोन (जिनमें एपीके पैनल फाइलों का इस्तेमाल किया गया था), 2 लैपटॉप और अन्य गैजेट्स बरामद किए गए हैं।)
