सतना: जिले के नागौद थाना क्षेत्र के डुडही गांव में भैंस चराने निकले 56 वर्षीय बुजुर्ग का शव मंगलवार सुबह गांव के तालाब से बरामद होने पर पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बुजुर्ग सोमवार शाम से लापता थे।परिजनों ने पूरी रात गांव और आसपास के क्षेत्रों में उनकी तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।प्राप्त जानकारी के अनुसार डुडही गांव निवासी हीरालाल चौधरी सोमवार शाम रोज की तरह अपनी भैंस चराने के लिए घर से निकले थे। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोग चिंतित हो गए और उनकी तलाश शुरू की। पूरी रात खोजबीन के बाद भी उनका कोई पता नहीं चला।
मंगलवार सुबह दोबारा तलाश के दौरान तालाब किनारे उनकी लाठी और चूने की डिब्बी मिली। इसके बाद परिजनों ने तत्काल डायल-112 और पोड़ी चौकी पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से तालाब में रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी प्रयास के बाद तालाब से उनका शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर इसे डूबने से हुई मौत माना जा रहा है, लेकिन वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
