
जबलपुर। मदन महल थाना अंतर्गत टिमटिम होटल में आज उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला अपने अधिवक्ता से मिलने पहुंची और वहीं उसका पति भी अपने परिवार के साथ धमक पड़ा। पत्नी के चरित्र पर शक जाहिर करते हुए पति ने होटल परिसर में ही जमकर हाई-वोल्टेज हंगामा किया। विवाद इस कदर बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस के बाद धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू हो गई। इस पूरे घटनाक्रम के बीच, पति ने मीडिया के कैमरों के सामने अपनी पत्नी को तीन बार तलाक, तलाक, तलाक कह दिया। जानकारी के अनुसार, ठक्कर ग्राम निवासी युवक का उसकी पत्नी के बीच पिछले करीब चार साल से पारिवारिक और अदालती विवाद चल रहा है। पत्नी ने पति के खिलाफ न्यायालय में भरण-पोषण का केस भी दायर कर रखा है।
हालांकि, कोर्ट में केस चलने के बावजूद दोनों के रिश्ते पूरी तरह खत्म नहीं हुए थे। वे अक्सर साथ में समय बिताते थे और घूमते-फिरते भी थे। पति का आरोप है कि उसकी पत्नी की नजदीकियां उसके प्रकरण की पैरवी करने वाले अधिवक्ता से लगातार बढ़ रही थीं। दोनों के बीच फोन पर घंटों बातचीत होती थी। शक होने पर जब पति ने पत्नी की कॉल डिटेल निकलवाई, तो उसमें वकील के साथ लंबी बातचीत का खुलासा हुआ। इसके बाद से ही पति और उसके परिवार ने महिला की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी थी। आज लोकेशन मिलते ही पति अपने परिवार के साथ मदन महल स्थित टिमटिम होटल पहुंचा। पति ने पत्नी के चरित्र पर संदेह जाहिर करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे और धक्का-मुक्की चलने लगी थी। हंगामे के बाद होटल के बाहर आए पति ने मीडिया के कैमरों के सामने अपना आपा खो दिया और पत्नी को संबोधित करते हुए तीन बार तलाक, तलाक, तलाक बोल दिया। पति ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी पूर्व में भी उसके और उसके परिवार के खिलाफ कई झूठे मामले दर्ज करवा चुकी है। पति ने पत्नी के चरित्र पर कई गंभीर आरोप भी लगाए। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को मदन महल थाने ले आई। थाने में भी दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जमकर आरोप-प्रत्यारोप लगाए। पुलिस के अनुसार, खबर लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत या एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई है। दोनों परिवारों के बीच थाने के भीतर ही आपसी समझौते और राजीनामे को लेकर बातचीत का दौर चल रहा है।
