मुरैना: जौरा कस्बे में जमीनी विवाद के चलते एक युवक को गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल युवक को जौरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल की पहचान रानू उर्फ रविंद्र सिंह गुर्जर (35) के रूप में हुई है, जो बुढ़ावली का रहने वाला है और वर्तमान में ब्लॉक पुरा, वार्ड क्रमांक 18 में रहता है।रविंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि वह अपने ताऊ के लड़के दल्लू मिस्त्री के घर खाना खाने जा रहा था।
इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे नरेंद्र गुर्जर, अनिल गुर्जर, बृजेश, रामवीर गुर्जर और कुबेर सिकरवार सहित कुछ अन्य लोगों ने उस पर हमला कर दिया।
आरोपियों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिसमें एक गोली उसके बाएं हाथ में लगी और वह वहीं इस गिर पड़ा। स्थानीय लोगों की मदद से घायल रविंद्र को तुरंत जौरा अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।पुलिस के अनुसार प्राथमिक जांच में सामने आया है कि रविंद्र सिंह और आरोपियों के बीच एक सरकारी प्लॉट को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। माना जा रहा है कि इसी रंजिश के चलते यह वारदात की गई।
