
सौसर। सिविल अस्पताल में पिछले कुछ समय से चल रहा गतिरोध आखिरकार गुरुवार को समाप्त हो गया। सीएमएचओ डॉ. नरेश गोन्नाडे द्वारा ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर योगेश शुक्ला को पद से हटाने के आदेश जारी करने के बाद, डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल वापस ले ली है। शासन द्वारा जारी नए आदेशों के तहत अब सीनियर डॉक्टर रूपेश बोकड़े को बीएमओ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कर्मचारियों के संघर्ष की जीत
बीएमओ को हटाने की मांग को लेकर अड़े कर्मचारी नेताओं ने इस निर्णय का स्वागत किया है। कर्मचारी नेता प्रफुल्ल ठाकरे और खंडाइत ने इसे कर्मचारियों की एकता और उचित संघर्ष की जीत बताया। आदेश जारी होने के तुरंत बाद सभी डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ अपने काम पर लौट आए।
मौके पर ही सुलझाए अन्य मुद्दे
हड़ताल खत्म कराने पहुंचे सीएमएचओ डॉ. गोन्नाडे ने केवल प्रशासनिक फेरबदल ही नहीं किया, बल्कि अस्पताल की अन्य समस्याओं पर भी संज्ञान लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधीनस्थ अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि आशा कार्यकर्ताओं का जितना भी लंबित भुगतान है, उसके आदेश तत्काल जारी किए जाएं।
मरीजों को मिली बड़ी राहत
गुरुवार को साप्ताहिक बाजार होने के कारण अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ी थी। हड़ताल के कारण सुबह के समय स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रहीं, जिससे दूर-दराज से आए ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि, दोपहर में हड़ताल खत्म होते ही ओपीडी सेवाएं सुचारू रूप से शुरू कर दी गईं। इलाज मिलने पर मरीजों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली।
