मेघालय : केएसयू ने सीबीआई कार्यालय के मंदिर पर ताला जड़ा, बताया असंवैधानिक

शिलांग, (वार्ता) मेघालय के प्रमुख और प्रभावशाली दबाव समूहों में से एक खासी स्टूडेंट्स यूनियन (केएसयू) की शिलांग मिहंगी सर्किल ने मंगलवार को मावडियांगडियांग स्थित केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) कार्यालय परिसर में बन रहे निर्माणाधीन मंदिर पर ताला जड़ दिया।

शीर्ष जांच एजेंसी को इस ढांचे को ध्वस्त करने के लिए दी गयी एक सप्ताह की समय सीमा के संबंध में जब सीबीआई अधिकारी कोई ठोस आश्वासन देने में विफल रहे तो मंदिर में ताला लगा दिया गया।

सहायक संगठन सचिव यिर्मयाह पोहथमी के नेतृत्व में केएसयू के प्रतिनिधिमंडल ने सीबीआई शिलांग के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) से मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल ने उच्चतम न्यायालय के इस सिद्धांत का हवाला देते हुए सीबीआई परिसर के भीतर प्रस्तावित मंदिर से जुड़े किसी भी निर्माण कार्य को तुरंत रोकने की मांग की कि सार्वजनिक या सरकारी भूमि का अनधिकृत धार्मिक निर्माणों के लिए दुरुपयोग नहीं किया जा सकता और भूमि का उपयोग केवल उसी उद्देश्य के लिए किया जाना चाहिए, जिसके लिए वह आवंटित की गयी है।

केएसयू नेता ने कहा, “केवल आधिकारिक कार्यालय उपयोग के लिए निर्धारित भूमि पर धार्मिक ढांचा स्थापित करने का कोई भी प्रयास उच्चतम न्यायालय के तय किये गये सिद्धांतों के खिलाफ है।”

श्री पोहथमी का दावा है कि सीबीआई अधिकारियों ने अपने उन पिछले वादों को तोड़ दिया है जिनमें कहा गया था कि सरकारी संपत्ति पर ऐसा कोई निर्माण नहीं होगा।

केएसयू ने चेतावनी देते हुए कहा, “हमने संबंधित अधिकारियों को सरकारी कार्यालय के भीतर बने इस मंदिर को हटाने के लिए एक सप्ताह का समय दिया है। यदि इस अवधि के भीतर कोई कार्रवाई नहीं की जाती है, तो यूनियन आगे और कड़े कदम उठाने के लिए मजबूर होगी।”

 

Next Post

सयाली वानी ने गोल्डन पॉइंट थ्रिलर में मनिका बत्रा को हराया

Wed Jul 15 , 2026
पणजी,(वार्ता) भारत की युवा खिलाड़ी सयाली वानी ने बटरफ्लाई अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) के सीजन-7 का अब तक का सबसे रोमांचक मुकाबला अपने नाम करते हुए लगातार तीन टाई पॉइंट बचाए और फिर गोल्डन पॉइंट पर भारत की स्टार खिलाड़ी मनिका बत्रा को हराकर यूपी प्रोमेथियंस को सीजन की पहली […]

You May Like

Play sound