जमीन विवाद में घायल युवक की मौत, शव सड़क पर रखकर इछावर थाने का घेराव

सीहोर/ इछावर। जिले के इछावर थाना क्षेत्र के ग्राम कालापीपल जागीर में जमीन के विवाद में गत 26 अप्रैल को हुए खूनी संघर्ष में गंभीर रूप से घायल युवक कैलाश चंद्र वर्मा की इलाज के दौरान मौत हो गई. इसके बाद आक्रोशित परिजनों ने बुधवार को इछावर थाने के बाहर शव रखकर जमकर प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गंभीर आरोप लगाए. परिजनों का कहना था कि यदि पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई में सख्ती दिखाई होती तो कैलाश की जान बचाई जा सकती थी.

जानकारी के अनुसार 26 अप्रैल की शाम करीब 4 बजे गांव में पुराने जमीन विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए. पीडि़त पक्ष के नेपाल वर्मा पिता स्वरूप सिंह वर्मा द्वारा दर्ज रिपोर्ट में बताया गया कि उनके बड़े भाई अनूप वर्मा खेत पर मोटर चालू करने गए थे. इसी दौरान गांव के मनोज वर्मा और अनार सिंह वर्मा वहां पहुंचे और पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौज करने लगे. बात बढऩे पर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई.

अनूप वर्मा के शोर मचाने पर नेपाल वर्मा सहित परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि इसी दौरान मनोज, दुर्गाप्रसाद, सीता बाई और अनार सिंह ने मिलकर हमला कर दिया. परिजनों का आरोप है कि आरोपित धारदार हथियार लेकर आए थे और उन्होंने जानलेवा हमला किया, जिससे कैलाश चंद्र वर्मा सहित कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल सीहोर रेफर किया गया. यहां इलाज के दौरान कैलाश चंद्र वर्मा ने दम तोड़ दिया. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया.

प्रदर्शन के दौरान परिजनों ने एफआईआर में गंभीर धाराएं जोडऩे, सभी आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की। इस दौरान थाने के बाहर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों ने उन्हें धमकाने का प्रयास किया, हालांकि पुलिस अधिकारियों ने समझाइश देकर स्थिति को शांत कराने की कोशिश की। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए कालापीपल जागीर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। थाना प्रभारी पंकज वाडेकर ने बताया कि मामले की जांच जारी है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जो भी आरोपी घटना में शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

आरोप! पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया

बुधवार को बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण इछावर थाने पहुंचे और शव को थाने के बाहर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर आरोप लगाया कि घटना के बावजूद पुलिस ने मामले में केवल मामूली धाराओं में केस दर्ज किया. उनका कहना था कि यदि शुरुआत में ही आरोपितों के खिलाफ हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं में कार्रवाई होती तो आरोपितों के हौसले नहीं बढ़ते.

Next Post

राजधानी में एटीएम बैटरी चोर गिरफ्तार: 11 थानों में दी थी दबिश, 19 वारदातों का खुलासा

Thu May 14 , 2026
भोपाल। हबीबगंज थाना पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन लाख रूपए की बैंक एटीएम मशीन की बैट्री जब्त की है. आरोपी शहर के चूनाभट्टी, टीलाजमालपुरा, पिपलानी, मिसरोद, कोलार, गोविन्दपुरा, टी.टी नगर, शाहपुरा, कमला नगर, अशोका गार्डन थाना इलाके में ए.टी.एम […]

You May Like