पणजी,(वार्ता) भारत की युवा खिलाड़ी सयाली वानी ने बटरफ्लाई अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) के सीजन-7 का अब तक का सबसे रोमांचक मुकाबला अपने नाम करते हुए लगातार तीन टाई पॉइंट बचाए और फिर गोल्डन पॉइंट पर भारत की स्टार खिलाड़ी मनिका बत्रा को हराकर यूपी प्रोमेथियंस को सीजन की पहली जीत दिलाई। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम में मंगलवार को खेले गए इस मुकाबले में यूपी ने अहमदाबाद एपीएल पाइपर्स को 8-7 से हराया।
मुकाबले का फैसला रात के आखिरी मैच में हुआ, जहां सयाली ने यादगार वापसी की। पहला गेम 5-11 से गंवाने के बाद उन्होंने दूसरे गेम में 3-7 से पिछड़ने के बावजूद 11-8 से जीत दर्ज की। निर्णायक गेम में वह 7-10 से पीछे थीं और यूपी हार के बेहद करीब था, लेकिन सयाली ने लगातार तीन टाई पॉइंट बचाकर मुकाबले को गोल्डन पॉइंट तक पहुंचाया और फिर शानदार संयम दिखाते हुए जीत अपने नाम कर ली। इस तरह उन्होंने भारतीय टेबल टेनिस की सबसे बड़ी खिलाड़ियों में से एक मनिका बत्रा के खिलाफ शानदार उलटफेर किया।
मुकाबले की शुरुआत उतार-चढ़ाव भरी रही। पायस जैन ने पहला गेम गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए सुधांशु ग्रोवर को हराया। इसके बाद सोफिया पोलकानोवा ने दो बार की बटरफ्लाई यूटीटी एमवीपी यांगजी लियू को मात देकर अहमदाबाद को शुरुआती बढ़त दिलाई।
यूपी ने इसके बाद जोरदार वापसी की। रिकार्डो वाल्थर और स्वास्तिका घोष की जोड़ी ने मिश्रित युगल मुकाबला सीधे तीन गेम में जीता। इस दौरान दोनों ने दो बार गोल्डन पॉइंट पर जीत दर्ज करते हुए मुकाबले का रुख पूरी तरह यूपी की ओर मोड़ दिया।
हालांकि एड्रियन रासेनफॉसे ने वाल्थर को तीन गेम तक चले मुकाबले में हराकर स्कोर फिर बराबर कर दिया। दूसरे गेम में पिछड़ने के बावजूद उन्होंने वापसी करते हुए जीत हासिल की, जिससे मुकाबले का फैसला महिला एकल पर आ गया। इसके बाद सयाली ने अपने करियर की यादगार जीत दर्ज करते हुए यूपी को सीजन की पहली जीत दिला दी। सयाली वानी को इंडियन प्लेयर ऑफ द टाई चुना गया।
