नयी दिल्ली, 27 जुलाई (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस को अवसर मिलने पर दिल्ली में बंजारा समाज के अधिकारों और समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जायेगी।
श्री यादव ने बाबा लखी शाह बंजारा और बाबा माखन शाह लुबाना की जयंती पर आयोजित बंजारा एकता संकल्प यात्रा के समापन समारोह में कहा कि कांग्रेस ने हमेशा सभी समाजों और वर्गों के हितों के लिए काम किया है। उन्होंने बाबा लखी शाह बंजारा के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने बंजारा समाज को संगठित किया और गुरु तेगबहादुर के पार्थिव शरीर की रक्षा कर अपने घरों का बलिदान देकर इतिहास रचा। उन्होंने बंजारा समाज से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि संगठित समाज ही अपने अधिकार प्रभावी ढंग से हासिल कर सकता है।
कार्यक्रम का आयोजन संत श्री सेवालाल महाराज चेरिटेबल ट्रस्ट ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में बंजारा समाज के लोग शामिल हुए।
