
इंदौर। भंवरकुआं थाना क्षेत्र स्थित शिव पार्वती नगर पालदा में बुधवार दोपहर एकयुवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. पुरानी रंजिश और होली के दौरान हुए विवाद को लेकर बदमाशों ने युवक के सीने में चाकू उतार दिया. पुलिस ने मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
थाना प्रभारी राजकुमार यादव ने बताया कि मृतक की पहचान 20 वर्षीय आदित्य पिता जयराम जमरे निवासी शिव पार्वती नगर के रूप में हुई है. बुधवार दोपहर घर के पास ही आदित्य का कुछ युवकों से विवाद हुआ. विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने अचानक चाकू निकाला और आदित्य के सीने पर वार कर दिया. लहूलुहान हालत में परिजन और दोस्त उसे तुरंत एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. परिजनों ने पुलिस को बताया कि आदित्य का होली खेलने के दौरान तेजाजी चौक में रहने वाले अरुण नाम के युवक से कहासुनी हुई थी. आरोप है कि इसी रंजिश के चलते अरुण ने बुधवार को आदित्य को घेरा और उस पर जानलेवा हमला कर दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।आदित्य मूल रूप से बड़वानी जिले का रहने वाला था और यहाँ पालदा इलाके की एक निजी कंपनी में काम करता था. उसके पिता गाँव में खेती-किसानी करते हैं. आदित्य के दो भाई और एक बहन हैं. भंवरकुआं पुलिस ने केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस की टीमें संदिग्धों की तलाश में जुटी हैं और क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
