तीन दिनों से लापता युवक का खेत में मिला शव 

सीधी ।सिटी कोतवाली थाना अंतर्गत ग्राम पिपरोहर, टोला अहिरमरा निवासी लापता युवक का तीसरे दिन शाम को गांव के ही खेत में शव मिला। सूचना मिलने पर लापता युवक मधुसूदन सिंह पिता अनिरुद्ध सिंह उम्र 38 वर्ष के परिजन भी मौके पर पहुंचे और उनके द्वारा शिनाख्त की गई। कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के पश्चात शव को जिला अस्पताल की मर्चुरी में पोस्टमार्टम के लिए पहुंचाया। आज सुबह पोस्टमार्टम के पश्चात शव परिजनों को सौंप दिया गया। बताते चलें कि मृतक मधुसूदन सिंह विगत 8 अक्टूबर 2025 की रात करीब 9 बजे से लापता था। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग न मिलने पर मृतक के पिता अनिरुद्ध सिंह द्वारा कोतवाली थाना में 9 अक्टूबर की दोपहर गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। 10 अक्टूबर को मृतक के परिजनों द्वारा कोतवाली थाना में आकर विरोध प्रदर्शन भी किया गया था कि पुलिस लापता का सुराग लगाने में लापरवाह बनी हुई है। इसके बाद 10 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे गांव के ही एक खेत में लापता मधुसूदन सिंह का शव मिला। शव की स्थिति को देखकर आभाष हो रहा था कि उसकी हत्या 9 अक्टूबर की रात को ही कर दी गई थी। बाद में मौका देखकर आरोपियों द्वारा शव को खेत में पहुंचा दिया गया। तत्संबंध में मृतक के परिजनों की आशंका पर कोतवाली पुलिस द्वारा आधा दर्जन लोगों को थाना लाकर पूंछतांछ की जा रही है। वहीं मृतक के छोटे भाई अतुलदेव सिंह चौहान का कहना था कि उसके बड़े भाई मधुसूदन सिंह की हत्या की गई है और बाद में शव को खेत में पहुंचा दिया गया। पुलिस यदि इस मामले में सही कार्रवाई नहीं करती तो उन्हें अगला कदम उठाना पड़ेगा।

इनका कहना है

लापता युवक का शव मिलने के पश्चात मर्ग कायमी की गई है। पोस्टमार्टम कार्रवाई के पश्चात शव परिजनों को सौंप दिया गया है। तत्संबंध में पुलिस द्वारा पूंछतांछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने का इंतजार भी किया जा रहा है।

कन्हैया सिंह, थाना प्रभारी कोतवाली

Next Post

मुख्यमंत्री डॉ यादव से मिले केंद्रीय मंत्री शेखावत

Sat Oct 11 , 2025
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से शनिवार को मुख्यमंत्री निवास पर केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच पर्यटन और संस्कृति के क्षेत्र में मध्यप्रदेश में हो रहे विकास कार्यों पर चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री शेखावत भोपाल में आयोजित […]

You May Like