
रीवा। शासन की मंशानुरूप प्राचीन जल संरचनाओं के संरक्षण व संवर्धन के उद्देश्य के साथ संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत रीवा नगर की 362 वर्ष प्राचीन ऐतिहासिक अजब कुंवरी बावड़ी के संरक्षण व स्वच्छता का अभियान प्रारम्भ किया गया. अभियान के तहत विगत दिनों म.प्र. जन अभियान परिषद के संयोजन में सुबह 6 बजे से अजब कुंवरी बाबडी संरक्षण अभियान का शुभारंभ संभाग समन्वयक प्रवीण पाठक के समन्वय में शुरू किया गया. उन्होंने स्वयं उपस्थित होकर बावड़ी स्वच्छता हेतु श्रमदान किया और उपस्थित नवांकुर और प्रस्फुटन समितियों तथा नगर निगम स्वच्छता कार्यकर्ताओं के समक्ष बावड़ी के एतिहासिक और प्राकृतिक महत्व पर प्रकाश डाला.
स्वच्छता अभियान के तृतीय दिवस पर अजब कुंवरी बावड़ी में रीवा नगर के विभिन्न सामाजिक संगठनों ने उपस्थित होकर श्रमदान किया तथा संकल्प लिया कि बावड़ी का स्वच्छ करेंगे. श्रमदान कार्यक्रम में नगर निगम रीवा की स्वच्छता टीम के कार्यकर्ताओं द्वारा भी बढचढ कर भाग लिया गया. नगर निगम स्वच्छता मुरारी व परमार तथा वार्ड 27 के पार्षद मनीष नामदेव ने श्रमदान के साथ-साथ पूरी टीम को प्रेरित किया. श्रमदान में विकास खंड समन्वयक अमित अवस्थी ने उपस्थित जन समुदाय का आभार व्यक्त किया.
