नयी दिल्ली, 11 नवंबर (वार्ता) आजादी के बाद से केंद्र सरकार के महत्वपूर्ण फैसलों का गवाह रहे रायसीना पहाड़ी स्थित नॉर्थ और साउथ ब्लॉक की इमारतों को अब देश की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता का रूप देते हुए इसे विश्व के सबसे बड़े संग्रहालय के रूप में विकसित किया जाएगा।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यहां संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को यहां हुई आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति की बैठक में इस आशय के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। फैसले के तहत राष्ट्रीय राजधानी के ऐतिहासिक नॉर्थ ब्लॉक और साउथ ब्लॉक परिसर में 3,230 करोड़ रुपये की लागत से ‘युगे युगीन भारत संग्रहालय’ बनेगा जिसमें दर्शक गुरुद्वारा रकाबगंज मार्ग की ओर से तथा कर्तव्य पथ से प्रवेश कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित संग्रहालय लगभग 1,78,509 वर्ग मीटर के निर्मित क्षेत्र में विकसित होगा। इसमें भारत की सभ्यतागत विरासत की निरंतरता, विविधता और समृद्धि को मूर्त एवं अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर के एकीकृत स्वरूप में प्रदर्शित किया जाएगा। इसके प्रदर्शन क्षेत्र को दुनिया का सबसे बड़ा संग्रहालय प्रदर्शन क्षेत्र बनाने की परिकल्पना की गई है।
उन्होंने बताया कि संग्रहालय में विभिन्न विषयों पर आधारित दीर्घाएं, प्रदर्शनियां और भारत की सांस्कृतिक परंपराओं, ज्ञान प्रणालियों, कलात्मक गतिविधियों तथा विरासत को दर्शाने वाली सामग्री होगी। परियोजना में संग्रह के भंडारण एवं संरक्षण की सुविधाएं, आगंतुकों के लिए व्यवस्थाएं, आधुनिक तकनीक, अनुभवात्मक प्रदर्शन, भूदृश्य विकास और स्मार्ट भवन प्रणालियां भी शामिल हैं।
केंद्रीय मंत्री के अनुसार युगे युगीन भारत संग्रहालय की घोषणा प्रधानमंत्री ने 18 मई 2023 को की थी। सरकारी कार्यालयों के यहां से स्थानांतरित होने के बाद नॉर्थ ब्लॉक और साउथ ब्लॉक की ऐतिहासिक इमारतों के नए सार्वजनिक सांस्कृतिक उपयोग की दिशा में यह परियोजना तैयार की गई है। सार्वजनिक निवेश बोर्ड ने गत 27 जुलाई को प्रस्ताव का आकलन किया था और संस्कृति मंत्रालय ने उसकी सिफारिशों से सहमति जताई है।
Next Post
कैबिनेट ने रबी फसलों के लिए खाद पर दी 62 हजार करोड़ रु की सब्सिडी, कृषकों को सस्ती दरों पर मिलेगी डीएपी,पोटाश
Wed Nov 11 , 2026
नयी दिल्ली, 11 नवंबर (वार्ता) केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को रबी सीजन 2026-27 (1 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक) के लिए फॉस्फेटिक और पोटाशिक उर्वरकों पर करीब 62 हजार करोड़ की सब्सिडी देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस फैसले की जानकारी […]

