एलआईसी को आईसीआईसीआई बैंक में हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए मिली आरबीआई की मंजूरी

मुंबई, 05 सितंबर (वार्ता) भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने सार्वजनिक क्षेत्र की जीवन बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) को निजी क्षेत्र के आईसीआईसीआई बैंक में हिस्सेदारी बढ़ाकर 9.99 प्रतिशत करने की अनुमति प्रदान कर दी है। आईसीआईसीआई बैंक ने शनिवार को शेयर बाजार को बताया कि उसे 04 सितंबर की रात आरबीआई से एलआईसी के नाम जारी पत्र की प्रति प्राप्त हुई है। इसमें बताया गया है कि केंद्रीय बैंक ने एलआईसी के आवेदन पर विचार के बाद उसे एक साल के भीतर बैंक में अपनी कुल हिस्सेदारी 9.99 प्रतिशत तक करने की अनुमति दे दी है।

एक साल के भीतर ऐसा न कर पाने की स्थिति में यह अनुमति अपने-आप रद्द मानी जायेगी। यह अनुमति कतिपय नियामकीय अर्हताओं को पूरा करने की शर्त के साथ प्रदान की गयी है। उल्लेखनीय है कि 30 जून की शेयरधारिता के अनुसार, आईसीआईसीआई बैंक में एलआईसी की हिस्सेदारी 4.35 प्रतिशत है। आरबीआई की अनुमति से बाद जीवन बीमा कंपनी 5.64 प्रतिशत तक अतिरिक्त हिस्सेदारी खरीदकर उसे 9.99 प्रतिशत तक पहुंचा सकेगी। पिछले कारोबारी दिवस पर 04 सितंबर को आईसीआईसीआई बैंक का शेयर दो रुपये (0.14 प्रतिशत) गिरकर 1,423 रुपये का रह गया था। वहीं, एलआईसी का शेयर 4.75 रुपये (1.13 प्रतिशत) लुढ़ककर 415.25 पर बंद हुआ।

.....

Next Post

बाल विवाह मुक्त अभियान को मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान, अब 27 नवंबर को मनाया जाएगा बाल विवाह उन्मूलन दिवस : संकल्प संस्था

Sat Sep 5 , 2026
दमोह।जबलपुर नाका स्थित एक निजी रेस्टोरेंट में संकल्प समाज सेवी संस्था ने एक पत्रकार वार्ता आयोजित कर जानकारी दी कि लगातार उनके द्वारा बाल विवाह मुक्त जिला व देश बनाने के प्रयासों को अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणिकता मिली है।संस्था ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र संघ ने अब इस विषय […]

You May Like