प्रमुख सड़कों पर ई रिक्शा होगी प्रतिबंधित,सौ चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लगेंगे

इंदौर। यातायात प्रबंध समिति की बैठक में आज अनेक निर्णय लिए गए जिसमें प्रमुख मार्गों पर ई-रिक्शा प्रतिबंधित करने ,शहर के सौ चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने , पांच बार से ज्यादा नियमों के उल्लंघन पर पंजीयन निरस्त और वाहन जप्ती जैसे प्रमुख निर्णय भी शामिल है।

शहर में यातायात जाम होने के लिए 16 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए है । बैठक में उक्त स्थानों को लेकर विस्तृत चर्चा और सुझाव मांगे गए। बैठक में 5 ब्लैक स्पॉट खत्म होने की जानकारी दी गई। यातायात सिग्नलों के बंद होने की शिकायत को दूर करने का निर्णय लिया गया।

आज कलेक्टर सभा गृह में यातायात प्रबंध समिति की मैराथन बैठक हुई। करीब ढाई घंटे चली बैठक में कई विभागों ने एक दूसरे पर बात ढोलने की कोशिश की।  आज सबसे ज्यादा निशाने पर एमपीआईडीसी विभाग रहा । एमपीआईडीसी शहर में सत्यसांई, आईटी चौराहा , मुसाखेड़ी और लसूडिया पर फ्लाई ओवर ब्रिज बना रहा है। ब्रिज निर्माण के कारण यातायात बहुत जाम हो रहा है, जिसमें राजाराम ढाबे के पास इलेक्ट्रिक पोल लगने के बाद लाइन शिफ्ट नही होने के कारण सड़क निर्माण प्रभावित हो रहा है। फिर कुछ जगह अतिक्रमण, अवैध बस स्टॉप, सिग्नल बंद होने से बिंदुओं पर सिलसिलेवार चर्चा हुई।

सिग्नल क्यों बंद हुए …?

आज बैठक में कलेक्टर आशीष सिंह और एडिशनल कमिश्नर मनोज श्रीवास्तव ने कल यातायात जाम होने के लिए नगर निगम के हाई कोर्ट, रीगल और नवलखा चौराहे के सिग्नल बंद होने की जानकारी मांगी। निगम के यातायात प्रभारी ने जानकारी दी कि ट्रैफिक वार्डन के कहने पर सिग्नल बंद किए । शिवाजी प्रतिमा पर केबल फाल्ट होने से सिग्नल बंद होना बताया गया।

पांच ब्लैक स्पॉट खत्म

कलेक्टर सिंह ने बैठक में 16 ब्लैक स्पॉट में से 5 खत्म करने की जानकारी की सराहना की। साथ ही बचे 11 ब्लैक स्पॉट पर यातायात पुलिस, एनएचएआई, एमपीआईडीसी, पीडब्ल्यूडी और एमपीईबी से जानकारी ली कि क्या कारण है यातायात जाम का ? बैठक में मुसाखेड़ी में गड्डे भरने के बाद सर्विस रोड खराब का मुद्दा भी उठा ।

मौका मुआयना करेंगे अधिकारी

एनएचएआई के राऊ, रालामंडल का 29 और 30 जुलाई को थ्री लेयर ब्रिज, बेस्ट प्राइज और ओमेक्स सिटी ब्रिज का संभागायुक्त दीपक सिंह, कलेक्टर आशीष सिंह द्वारा मौका मुआयना किया जाएगा।

सब्जी मंडी शिफ्ट होगी

यातायात जाम होने के लिए विजय नगर, रेडिसन, रोबोट चौराहे को लेकर बस स्टॉप और सब्जी मंडी शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया। सब्जी मंडी के लिए पास ही सीलिंग की जमीन और बसों के लिए रेडिसन के आगे सर्विस रोड पर जगह देने का निर्णय लिया गया।

आरटीओ को निर्देश

कलेक्टर ने आरटीओ प्रदीप शर्मा से कहा कि झाबुआ टावर, पटेल प्रतिमा पर बसों के खिलाफ कारवाई करे।

पंजीयन निरस्त करें

कलेक्टर सिंह ने 29 वाहनों के पंजीयन निरस्त के साथ जब्त कर  स्क्रैब करने के लिए कहा है। साथ ही 5 से ज्यादा  यातायात नियमों के उल्लंघन पर पंजीयन निरस्त और गाड़ी जब्ती की कारवाई ट्रैफिक पुलिस को करने के आदेश दिए।

एक लाख का जुर्माना

बैठक में कलेक्टर ने संबंधित विभागों के इंजीनियर को चेतावनी दी कि अब कहीं भी गलती मिली तो निर्माता कंपनी पर 1 लाख जुर्माना और विभाग के अधिकारी को निलंबित और आर्थिक अनियमितता का दोषी माना जाएगा।

लेफ्ट टर्न का मुद्दा

बैठक में लेफ्ट टर्न का मुद्दा भी उठा , जिसमे 9 स्पॉट क्लियर करने का कहा गया। गीता भवन, कनाडिया, बिचौली मर्दाना, रासौमा चौराहा, निरंजनपुर चौराहे और जीपीओ चौराहे के लेफ्ट टर्न पर अलग अलग प्वाइंट पर बात की गई। चर्चा में अतिक्रमण हटाने , लेफ्ट टर्न चौड़े नही होने को लेकर कलेक्टर ने निगम आयुक्त शिवम वर्मा को कारवाई करने के आदेश दिए।

सौ चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल

बैठक में शहर के 100 चौराहे पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने का निर्णय लिया गया। जल्द ही ट्रैफिक सिग्नल का काम शुरू करने के निर्देश कलेक्टर ने नगर निगम और स्मार्ट सिटी को दिए है। साथ ही बचे 9 स्पॉट की समस्या जल्द सुलझाने और खत्म करने के आदेश संबधित विभाग के अधिकारी को दिए।

यह भी थे मौजूद

बैठक में स्मार्ट सिटी सीईओ दिव्यांकसिंह, आईडीए सीईओ रामप्रकाश अहिरवार, पीडब्ल्यूडी, नगर निगम, एमपीआईडीसी, एनएचएआई , मेट्रो और यातायत पुलिस के अधिकारी मौजूद थे।

बैठक में निम्न पांच बिंदुओं पर फोकस किया गया

1. लेफ्ट टर्न

2. अतिक्रमण

3.  बस स्टॉप

4. ट्रैफिक सिग्नल तोड़ने पर पंजीयन और लाइसेंस निरस्त

5. जगह जगह लगने वाली सब्जी मंडी

Next Post

चोरी के मामले में दो युवक, दो नाबालिग धराए

Sat Jul 26 , 2025
छिंदवाडा़। दो युवकों को महंगे मोबाइल और महंगी बाइक का शौक इस कदर हो गया कि दोनों युवक चोरी करने की राह पर निकल पड़े. चोरी के मामले में पुलिस ने दोनों युवकों के साथ अन्य दो नाबालिगों को गिरफ्तार कर उनके पास से नगदी, जेबर और बाइक सहित अन्य […]

You May Like