मुरैना: यातायात पुलिस ने नेशनल हाईवे-44 और 552 पर जान जोखिम में डालकर स्टंट करने वाले 9 युवकों को गिरफ्तार किया है। ये युवक ‘मुरैना बाइकर्स’ नाम से सोशल मीडिया पेज चलाते थे और रील बनाने के लिए खतरनाक करतब दिखाते थे। पुलिस ने सभी को कोर्ट में पेश किया, जहां न्यायालय ने एक युवक पर 12,300 रुपए का भारी जुर्माना लगाया है। शेष आरोपियों को सुनवाई के लिए अगली तारीख दी गई है।
पुलिस को सोशल मीडिया के जरिए ही इन स्टंटबाजों की जानकारी मिली थी। पुलिस ने प्लानिंग के तहत जौरा रोड पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही बाइकर्स भागने के लिए पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में घुस गए। चूंकि रेस्ट हाउस का रास्ता आगे बंद था, इसलिए वे वहां फंस गए और पुलिस के हत्थे चढ़ गए। ये युवक लगातार शहर के मुख्य मार्गों और हाईवे पर अपनी बाइकों से जानलेवा स्टंट करते थे और उसके वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करते थे।
