फसल सुरक्षा एवं वन्यजीवों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है सरकार

शाजापुर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को रंथभंवर में कृष्णमृग एवं नीलगाय रेस्क्यू अभियान के द्वितीय चरण का अवलोकन किया. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसान कल्याण, फसल सुरक्षा तथा प्रकृति एवं वन्यजीवों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है. किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत किसानों की फसलों को जंगली जानवरों, विशेषकर कृष्णमृग एवं नीलगाय से होने वाले नुकसान से बचाने के साथ वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं.

उन्होंने बताया कि शाजापुर जिले में किसानों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए पिछले वर्ष बोमा पद्धति से कृष्णमृग एवं नीलगाय के रेस्क्यू का अभियान प्रारंभ किया गया था. इस अभियान में दक्षिण अफ्रीका की विशेष टीम की सहायता से वन्यजीवों को सुरक्षित तरीके से पकडक़र निर्धारित सुरक्षित वन क्षेत्रों में पहुंचाया जा रहा है. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रेस्क्यू के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा जा रहा है कि वन्यजीवों को किसी प्रकार की चोट न पहुंचे. इस अवसर पर शाजापुर विधायक अरुण भीमावद, कालापीपल विधायक घनश्याम चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमराज सिंह सिसोदिया, डॉ. रवि पाण्डे, प्रमुख सचिव वन राघवेन्द्र कुमार सिंह, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख शुभरंजन सेन, मुख्य वन संरक्षक एवं मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक डॉ. समिता राजौरा, उज्जैन संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता, मुख्य वन संरक्षक डॉ. किरण बिसेन, कलेक्टर डॉ. परिक्षित संजयराव झाड़े, पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला, प्रधान रेस्क्यू एवं ट्रांसलोकेशन अभियान की नोडल अधिकारी सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं ग्रामीणजन मौजूद थे.

अब तक 1236 का रेस्क्यू

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि अब तक शाजापुर जिले से लगभग 1236 से अधिक कृष्णमृगों और नीलगायों का सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है. रेस्क्यू किए गए कृष्णमृगों को श्योपुर के जंगलों, गांधी सागर एवं रानी दुर्गावती रिजर्व फॉरेस्ट सहित निर्धारित वन क्षेत्रों में पहुंचाया जा रहा है. इसके लिए 11 ट्रकों की व्यवस्था की गई है. वन्यजीवों के सुरक्षित परिवहन के लिए पशु चिकित्सकों, आवश्यक उपकरणों तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है. उल्लेखनीय है कि उक्त अभियान शाजापुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 9 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है. जिसके तहत द्वितीय चरण में 2000 कृष्णमृगों के स्थानांतरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.

Next Post

शुजालपुर के चैतन्य का राष्ट्रीय फु टबॉल टीम में चयन

Wed Oct 28 , 2026
शुजालपुर, शहर के युवा फु टबॉलर चैतन्य भगवान सिंह पाटीदार का चयन राष्ट्रीय शालेय फु टबॉल प्रतियोगिता के लिए मध्यप्रदेश की टीम में हुआ है. शुजालपुर में आयोजित 70वीं राज्यस्तरीय शालेय फुटबॉल प्रतियोगिता में उज्जैन संभाग का प्रतिनिधित्व करते हुए चैतन्य ने अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया. चयन […]

You May Like