2.16 करोड़ की भांग निवेश ठगी में फरार आरोपी आईजीआई एयरपोर्ट से गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 12 सितंबर (वार्ता) दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने 2.16 करोड़ रुपये की भांग निवेश ठगी के मुख्य आरोपी रोहित शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को आईजीआई हवाई अड्डा से गिरफ्तार कर लिया गया। वह 2024 से फरार चल रहा था और विदेश भाग गया था।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमृथा गूगुलोत ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी रोहित शर्मा (44) इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ हेम्प एसोसिएशन (आईआईएचए) का अध्यक्ष है। उस पर आरोप है कि उसने आइस ड्रीम ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को औद्योगिक भांग (हेम्प) परियोजना में निवेश के लिए झूठे वादों से फंसाया। उसने खेती का लाइसेंस और सप्लाई का भरोसा दिलाकर कंपनी से लगभग 2.16 करोड़ रुपए वसूले।

जांच में पता चला कि आरोपी ने यह रकम अपने निजी खातों और उन कंपनियों में ट्रांसफर कर दी जिन पर उसका नियंत्रण था। बाद में वह किसी भी तरह का कच्चा माल (भांग) उपलब्ध नहीं करा सका।

मामला दर्ज होने के बाद आरोपी परिवार के साथ कनाडा भाग गया और 26 अक्टूबर 2024 को अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया। दिल्ली पुलिस को विशेष सूचना मिली, जिसके आधार पर उसे 8 सितंबर को आईजीआई एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया गया। अदालत से आरोपी को दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने बताया कि आरोपी पर राजस्थान में भी धोखाधड़ी का एक और मामला दर्ज है।

 

 

Next Post

विशेष कानूनों के तहत मामलों की सुनवाई के लिए समर्पित अदालतों की आवश्यकता: सुप्रीम कोर्ट

Fri Sep 12 , 2025
नयी दिल्ली, 12 सितंबर (वार्ता) उच्चतम न्यायालय ने विशेष कानूनों के तहत मामलों की सुनवाई के लिए समर्पित अदालतों की आवश्यकता पर शुक्रवार को एक बार फिर ज़ोर दिया। न्यायमूर्ति सूर्य कांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची की पीठ ने महेश खत्री उर्फ भोली की याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत […]

You May Like