
सीधी। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में संचालित प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत जिला सीधी पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं एसडीओपी चुरहट रवि प्रकाश कौल के मार्गदर्शन में चौकी पिपराव पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा के विरुद्ध महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए 05 किलो 80 ग्राम गांजा कीमत लगभग 75 हजार बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
दिनांक 28 जुलाई 2026 को चौकी पिपराव पुलिस अपराध विवेचना एवं क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्राम बघवार स्थित अंधियारी बगीचा क्षेत्र में पहुंची। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि उमेश कुमार कुशवाहा निवासी ग्राम चोरगड़ी, कोतर मोड़, थाना रामपुर नैकिन एक काले रंग के बैग में अवैध गांजा रखकर बिक्री करने की नीयत से ग्राहकों की प्रतीक्षा कर रहा है। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में मौके पर दबिश दी। पुलिस वाहन को देखकर संदिग्ध व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया।
बैग से मिले गांजा के 5 पैकेट-
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक काले रंग का बैग बरामद हुआ, जिसमें ब्राउन टेप से पैक 05 पैकेट गांजा रखे हुए थे। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल करने पर कुल 05 किलो 80 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 75 हजार रुपये आंकी गई। बरामद गांजा एवं बैग को मौके पर विधिवत सीलबंद कर जब्त किया गया तथा संपूर्ण कार्रवाई स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में पंचनामों के साथ संपन्न की गई। पूंछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी उमेश कुमार कुशवाहा 33 वर्ष ने बताया कि बरामद गांजा उसे सुरेन्द्र द्विवेदी पिता हीराल द्विवेदी निवासी ग्राम चोरगड़ी द्वारा बिक्री हेतु दिया गया था। इस आधार पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 20(बी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जबकि सह-आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
ये रहे पुलिस टीम में शामिल-
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी पिपराव उप निरीक्षक शेषमणि मिश्रा के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक राममणि मिश्रा, आरक्षक प्रदीप सेन , सचिन साहू, अनिल यादव तथा संपूर्ण चौकी स्टाफ की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।
