इंदौर:शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए इंदौर ट्रैफिक पुलिस ने ऑटो और ई रिक्शा चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया. अभियान के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले 72 वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की गई.ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक कार्रवाई के दौरान प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन चलाने, वन वे का उल्लंघन, ओवरलोडिंग और नो पार्किंग में वाहन खड़े करने जैसे मामलों में 50 ई रिक्शा और 22 ऑटो चालकों के चालान बनाए गए.
कई स्थानों पर इन वाहनों के कारण यातायात बाधित हो रहा था, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. ट्रैफिक पुलिस ने ऑटो और ई रिक्शा चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, केवल निर्धारित मार्ग और पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें तथा वाहन चलाते समय सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दें. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी.
