उप्र में अगले पांच दिन आसमान से बरसेगी आग, कई जिलों में पारा 44 डिग्री के पार

लखनऊ, 21 अप्रैल (वार्ता) उत्तर प्रदेश में अगले कई दिनों तक भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अनेक हिस्सों में 25 अप्रैल तक दिन के समय लू चलने की चेतावनी जारी की है। राज्य के अधिकांश भागों में फिलहाल मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि 27 अप्रैल को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश अथवा बौछार पड़ सकती है।

मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र द्वारा जारी दैनिक बुलेटिन के अनुसार 21 से 26 अप्रैल तक पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में सामान्यतः मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान तेज धूप, गर्म हवाएं और तापमान में वृद्धि के कारण जनजीवन प्रभावित हो सकता है। 27 अप्रैल को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं वर्षा अथवा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना व्यक्त की गई है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

राजधानी लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, झांसी, आगरा, मेरठ, गोरखपुर, बरेली, मुरादाबाद और अयोध्या समेत अनेक जिलों में अधिकतम तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। बुंदेलखंड और दक्षिणी हिस्सों में गर्मी का प्रभाव अधिक रह सकता है, जहां झांसी, बांदा, हमीरपुर और आसपास के क्षेत्रों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर पहुंचने के आसार हैं। वहीं प्रयागराज, कानपुर और वाराणसी मंडल में भी गर्म हवाओं के कारण तीखी गर्मी महसूस की जाएगी।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आगरा, अलीगढ़, नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर और मुरादाबाद मंडल में दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं का असर बना रहेगा। मौसम विभाग ने 22 से 25 अप्रैल के बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं लू चलने की संभावना जताई है।

पूर्वी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, बस्ती, आजमगढ़, देवरिया, बलिया, गाजीपुर, जौनपुर और वाराणसी मंडल में 21 अप्रैल से 25 अप्रैल के बीच कई स्थानों पर लू की स्थिति बन सकती है। विभाग ने 23 और 24 अप्रैल को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर लू चलने की विशेष चेतावनी दी है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे के बीच बाहर निकलने से बचना चाहिए। पर्याप्त पानी पीना, हल्के सूती वस्त्र पहनना, बच्चों और बुजुर्गों को धूप से बचाना तथा आवश्यक होने पर ही यात्रा करना उचित रहेगा। खेतों में कार्य करने वाले किसान और श्रमिकों को भी धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने कहा है कि 26 और 27 अप्रैल को अधिकांश क्षेत्रों में लू से राहत मिल सकती है, हालांकि तापमान ऊंचा बना रह सकता है। राज्य सरकार और जिला प्रशासन को भीषण गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं और पेयजल आपूर्ति पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता होगी।

 

 

Next Post

प्रथमेश जावकर एंटी-डोपिंग नियम का उल्लंघन करने के दोषी

Tue Apr 21 , 2026
नयी दिल्ली, 21 अप्रैल (वार्ता) एशियन गेम्स 2023 में भारतीय पुरुषों की कंपाउंड तीरंदाजी टीम के गोल्ड मेडलिस्ट प्रथमेश जावकर को इंटरनेशनल टेस्टिंग एजेंसी (ITA) के एंटी-डोपिंग नियम का उल्लंघन करते हुए पाया गया है, जो ठहरने की जगह की जानकारी न देने से जुड़ा है। रजिस्टर्ड टेस्टिंग पूल (आरटीपी […]

You May Like

मनोरंजन