मुंबई, 01 सितंबर (वार्ता) महाराष्ट्र में मराठा प्रदर्शनकारियों के समूह ने जुहू बस स्टैंड पर नगर निगम संचालित बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन (बेस्ट) की बस में तोड़फोड़ करते हुए एक यात्री के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है।
पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक घटना रविवार शाम को उस समय हुई जब रूट संख्या 201 पर बेस्ट की एक वेट-लीज बस बिना किसी कर्मचारी के बस स्टॉप पर खड़ी थी। जहां प्रदर्शनकारियों और यात्रियों के बीच बहस हुई जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। अधिकारियों ने तुरंत पुलिस हेल्पलाइन पर कॉल किया। लेकिन पुलिस जब तक घटनास्थल पर पहुंची, तब तक प्रदर्शनकारी और यात्री तितर-बितर हो चुके थे। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
पुलिस घटना के लिए लोगों की पहचान के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। बेस्ट के अधिकारियों ने घटना पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ सहयोग करने का आश्वासन दिया है।
