प्लेटफॉर्म 6 का एस्केलेटर कभी भी हो जाता है बंद
जबलपुर: प्रयागराज में चल रहे हैं महाकुंभ में हजारों की संख्या में लोगों का आना-जाना हो रहा है। जिसके लिए रेलवे प्रशासन नियमित ट्रेनों के साथ साथ स्पेशल ट्रेनें भी चला रहा है, ताकि मुसाफिरों को राहत मिल सके। लेकिन हकीकत कुछ और ही है। बिहार, यूपी और बंगाल जाने वाली ट्रेनों में रोज भारी भीड़ टूट रही है। पवन, गोदान, महानगरी, मुंबई हावड़ा और संघमित्रा जैसी ट्रेनों में पाँव रखने तक की जगह नहीं मिल पा रही है। आलम यह है कि जिनको सीट नहीं मिल रही है, वो लोग साधारण डिब्बों में सफर कर रहे हैं।
जिसके चलते डिब्बों के अंदर के हालात बत्तर हो चुके हैं। गुरुवार शाम जब मुंबई महानगरी, हावड़ा मेल, जनता एक्सप्रेस का जायजा लिया तो गया तो देखा गया कि स्लीपर और एसी कोच में चढ़ने के लिए लोगों की लाइन लगी हुई थी। वहीं जनरल डिब्बों में यात्रियों की संख्या इतनी थी कि हिलना डुलना तो दूर सांस ले पाना भी मुश्किल हो रहा था। जिनको डिब्बों के अंदर जगह नहीं मिली, वे टॉयलेट के अंदर बैठ गए थे। बता दे कि प्रयागराज महाकुंभ के लिए ट्रेनों में भारी भीड़ चल रही है। रेलवे स्पेशल ट्रेन तक चला रहा है, लेकिन उसके बाद भी रुटीन ट्रेनों में भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है।
इनके हाल सबसे ज्यादा बेहाल
गोदान, जनता एक्सप्रेस हो या फिर महानगरी, मुंबई मेल इन ट्रेनों में हमेशा ही भीड़ रहती है। एक तरह से हर मौसम में ये ट्रेन पैक चलती है। जिनमें रिजर्वेशन मिल पाना बहुत कठिन होता है। इस बीच प्रयागराज महाकुंभ के लिए भी लोग इन्हीं ट्रेनों को अपने सफर का सहारा बना रहे हैं। इसी कारण से इन ट्रेनों में मुसाफिरों की संख्या दोगुनी हो चुकी है। ऐसे में ट्रेनों में जनरल डिब्बों को बढ़ाने की मांग और तेज हो गई है।
इधर, जरूरत के समय बंद एस्केलेटर
मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक 6 से बाकी के प्लेटफॉर्म में आने जाने के लिए लगाए गए एस्केलेटर जरूरत के समय अक्सर बंद हो जाते हैं। इनके कभी भी बंद हो जाने के कारण सफर में जाने एवं आने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें अपना सामान सीढ़ियों के रास्ते लेकर उतरना और चढ़ना पड़ता है। इसकी छवि गुरुवार शाम छह नंबर प्लेटफार्म में देखने को मिली जहां यात्रीगण अपने सामान से भरे हुए बैग मुश्किल से उठाते हुए और सीढि़यां चढ़कर प्लेटफार्म पर पहुंचे रहे थे। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर दो एस्केलेटर और लिफ्ट लगाई थी। जो ज्यादातर बंद ही रहती हैं। रेलवे की तरफ से एक एस्केलेटर छह नंबर प्लेटफार्म गेट और दूसरा एस्केलेटर रेलवे स्टेशन की मेन एंट्री पर लगाया गया था।
इनका कहना है
रुटीन ट्रेनों में भीड़ को देखते हुए लगातार स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही है। रही बात एस्केलेटर की तो इसे चेक करवाया जाएगा।
हर्षित श्रीवास्तव, सीपीआरओ, पश्चिम मध्य रेल
