जुए के अड्डे पर क्राइम ब्रांच की रेड, 31 जुआरी पकड़े; थाने में लेने से किया इनकार

इंदौर. लसूड़िया क्षेत्र में शनिवार देर रात क्राइम ब्रांच ने एक घर में चल रहे जुए के अड्डे पर दबिश देकर 31 जुआरियों को पकड़ा. कार्रवाई के बाद आरोपियों को थाने ले जाया गया, लेकिन जोन-2 के वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें लेने से इनकार कर दिया, जिससे मामला विवादों में आ गया.

मामला महालक्ष्मी नगर का है, जहां पराग नामक व्यक्ति के मकान में देर रात करीब 1 बजे क्राइम ब्रांच ने छापा मारा. यहां घोड़ी का जुआ चल रहा था. कार्रवाई के दौरान 31 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि मुख्य आरोपी पराग मौके से फरार हो गया. क्राइम ब्रांच की टीम ने करीब पांच घंटे तक कार्रवाई की और सुबह करीब 6 बजे सभी आरोपियों को लेकर थाने पहुंची. थाने में मौजूद मुंशी ने इसकी जानकारी टीआई राजकुमार यादव को दी, जिसके बाद मामला जोन-2 के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा. सूत्रों के अनुसार, स्थानीय पुलिस को पहले से कार्रवाई की सूचना नहीं दी गई थी. इसी के चलते वरिष्ठ अधिकारियों ने आरोपियों को लेने से इनकार कर दिया. बताया जा रहा है कि मौके से लाखों रुपए मिलने की चर्चा है, लेकिन जब्ती मात्र करीब 1.40 लाख रुपए ही दिखाई गई है. हालांकि बाद में अधिकारियों के बीच चर्चा के बाद आरोपियों को लसूड़िया थाने में ही रखा गया. सूत्र यह भी बताते हैं कि मकान मालिक पराग का राजनीतिक कनेक्शन है और वह छापे के दौरान टीम के सामने से ही फरार हो गया. वहीं जुआरियों को लंबे समय तक क्राइम ब्रांच के कब्जे में रखने और बरामद राशि को लेकर संदेह के चलते स्थानीय पुलिस ने मामले से दूरी बनाई. गौरतलब है कि हाल के महीनों में क्राइम ब्रांच मुख्य रूप से एमडी ड्रग्स और नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई कर रही है. इससे पहले शिप्रा क्षेत्र में भी जुआ कार्रवाई के बाद पुलिसकर्मियों की जांच हो चुकी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की पूरी जानकारी ली जा रही है. कार्रवाई किन परिस्थितियों में की गई और स्थानीय पुलिस को सूचना क्यों नहीं दी गई, इसकी जांच कराई जा रही है. जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.

Next Post

मॉर्निंग वॉक पर महिलाओं से लूट, युवती समेत तीन बदमाश फरार

Sun Jun 14 , 2026
इंदौर. लसूड़िया क्षेत्र में शनिवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली दो महिलाओं से बाइक सवार तीन बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया. आरोपियों में एक युवती भी शामिल है. वहीं, इसी थाना क्षेत्र में एक घर से लाखों के जेवर और नकदी चोरी होने का मामला भी सामने […]

You May Like