
सीधी।वन परिक्षेत्र सीधी की टीम द्वारा उप वन मंडलाधिकारी सीधी के सर्च वारंट पर आज खजुरी गांव में एक घर में छापामार कार्यवाही करते हुए गेंहूं के भूसे के नीचे छिपाकर रखी गई सागौन की 27 नग बल्लियों को जप्त करने की कार्यवाही की। मिली जानकारी के अनुसार मुखविर की सूचना पर आज सुबह वन टीम खजुरी में पुरुषोत्तम विश्वकर्मा पिता हीरालाल विश्वकर्मा के मकान में छापा मारने के लिए पहुंची। पुरुषोत्तम विश्वकर्मा के रिहायशी घर के अंदर तलाशी लेने पर किसी प्रकार की अवैध लकड़ी नहीं मिली। जिसके बाद पूर्व-उत्तर दिशा में बने एक छोटे घर में वन टीम पहुंची वहां पर गेंहूं का भूसा रखा गया था। भूसे की तलाशी के दौरान वन टीम को सागौन की 27 नग बल्लियां मिली। मिले सागौन की बल्लियां के संबंध में जब पुरुषोत्तम विश्वकर्मा से वैध कागजात की मांग की गई तो प्रस्तुत नहीं किया गया। जिस पर उक्त सागौन की लकडिय़ों को मौके पर जप्त करने के साथ ही पंचनामा कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान रेंजर सीधी रविंद्रनाथ तिवारी, रेंजर चुरहट नवीन सिंह बघेल, डिप्टी रेंजर शिवेन्द्र सिंह, डिप्टी रेंजर राधे साकेत, वनपाल पंकज मिश्रा, वन रक्षक सतेन्द्र सिंह, विकास मिश्रा, बृजेश तिवारी, रविशंकर टांडिया, सुरेश सतनामी, केके पनिका मौजूद रहे।
