सतना :असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा योजना प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के अंतर्गत विशेष पंजीकरण अभियान प्रारंभ किया गया है। योजना के तहत पात्र श्रमिकों को 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर प्रतिमाह 3 हजार रुपये की पेंशन प्रदान की जाती है। योजना में 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के वे श्रमिक पात्र हैं, जिनकी मासिक आय 15 हजार रुपये या उससे कम है।
इस योजना की खास बात यह है कि इसमें श्रमिक द्वारा किया गया अंशदान (55 रुपये से 200 रुपये प्रतिमाह, आयु के अनुसार) जितना होगा, उतनी ही राशि केंद्र सरकार द्वारा भी जमा की जाती है। इस योजना में रिक्शा चालक, रेहड़ी-पटरी विक्रेता, निर्माण मजदूर, घरेलू कामगार, कृषि श्रमिक, कूड़ा बीनने वाले, मोची, दर्जी, धोबी, नाई सहित अन्य असंगठित क्षेत्र के श्रमिक पंजीकरण कर लाभ प्राप्त कर सकते हैं।सहायक श्रमायुक्त रीवा संभाग सतना ने जानकारी देते हुए बताया कि 15 मार्च 2026 तक शासन द्वारा कामन सर्विस सेंटर के माध्यम से विशेष पंजीकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने जिले के सभी पात्र असंगठित श्रमिकों से अपील की है कि वे समय-सीमा के भीतर पंजीकरण कराकर योजना का लाभ सुनिश्चित करें, ताकि शासन की कल्याणकारी योजनाओं से कोई भी श्रमिक वंचित न रहे।
चना-मसूर पंजीयन 20 फरवरी से 16 मार्च तक सतना में 53 एवं मैहर जिले में 26 केन्द्रों पर होगी प्रक्रिया सतना 20 फरवरी 2026/किसान कल्याण तथा कृषि विभाग म.प्र. भोपाल द्वारा भारत सरकार की प्राईस सपोर्ट स्कीम अंतर्गत रबी विपणन वर्ष 2025-26 (विपणन वर्ष 2026-27) में ई-उपार्जन पोर्टल पर चना एवं मसूर फसल का पंजीयन 20 फरवरी से 16 मार्च 2026 तक किया जाएगा। पंजीयन की प्रक्रिया www.mpeuparjan.nic.in पोर्टल के माध्यम से होगी।
ई-उपार्जन पोर्टल पर पंजीयन केंद्रों की भौतिक एवं मानव संसाधन व्यवस्था, प्रचार-प्रसार, प्रशिक्षण तथा वित्तीय प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सतना एवं मैहर जिले में 79 केन्द्र निर्धारित की गई है। जिसमें सतना जिले के 53 केन्द्र एवं मैहर में 26 पंजीयन केन्द्रों के माध्यम से चना एवं मसूर उत्पादक किसानों का पंजीयन किया जायेगा।उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास आशीष पाण्डेय ने सतना एवं मैहर जिले के जिला विपणन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि निर्धारित समय-सीमा में पंजीयन कार्य सुचारू रूप से पूर्ण कराते हुए शासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।
