
सीहोर। आगामी 12 अक्टूबर को शहर में निकलने वाले आरएसएस के पथ संचलन की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे संघ पदाधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार करना थाना कोतवाली में पदस्थ उप निरीक्षक कौशलेन्द्र सिंह को महंगा पड़ गया.
घटना से आक्रोशित हिंदू संगठनों ने देर रात कोतवाली के सामने विरोध प्रदर्शन करते हुए हनुमान चालीसा का पाठ किया और कार्रवाई की मांग की. बढ़ते दबाव के बाद पुलिस प्रशासन ने रात में ही एसआई को लाइन अटैच कर दिया, जिसके बाद विरोध शांत हुआ.
जानकारी के अनुसार संघ के पदाधिकारी बाल विहार मैदान से लौट रहे थे, तभी एसआई कौशलेन्द्र सिंह ने उन्हें रोककर पूछताछ के नाम पर गाली-गलौज और दुर्व्यवहार किया. पदाधिकारियों का कहना है कि परिचय देने के बावजूद एसआई ने बदसलूकी जारी रखी. आरोप है कि घटना के समय अधिकारी नशे में थे.
मामले की गंभीरता को देखते हुए बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में कोतवाली पहुंचे और एफआईआर दर्ज करने व मेडिकल कराने की मांग की. पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने आश्वासन देते हुए एसआई को तत्काल लाइन अटैच कर दिया.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत ने बताया कि पूरे मामले की जांच जारी है. जांच रिपोर्ट आने के बाद विभागीय कार्रवाई की जाएगी.
