मुख्यमंत्री ने किया गीता भवन वैचारिक अध्ययन केन्द्र का शुभारंभ

जबलपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार 2 जनवरी को नगर निगम द्वारा विकसित आधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त गीता भवन वैचारिक अध्ययन केन्द्र का शुभारंभ किया। नेताजी सुभाष चन्द्र बोस कन्वेंशन सेंटर परिसर में विकसित गीता भवन का शुभारंभ पूजा-अर्चन एवं संतों के वंदन के साथ हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में मार्गदर्शन देने वाला महान जीवन-दर्शन है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति, कर्तव्यबोध एवं नैतिक मूल्यों को समाज के दैनिक जीवन से जोड़ने के उद्देश्य से प्रदेशभर में गीता भवन वैचारिक अध्ययन केन्द्रों की स्थापना की जा रही है। इंदौर के बाद जाबालि ऋषि की तपोभूमि, संस्कारधानी जबलपुर में गीता भवन का शुभारंभ होना गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि गीता भवन जैसे वैचारिक अध्ययन केन्द्र नई पीढ़ी को भारतीय दर्शन, संस्कृति एवं जीवन मूल्यों से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनेंगे। उन्होंने प्राचीन ग्रंथों में निहित आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने की प्रेरणा दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय संस्कृति के पुनर्जागरण का कार्य किया जा रहा है।

गीता भवन में मिलेंगी अत्याधुनिक सुविधाएँ

जबलपुर नगर निगम द्वारा विकसित गीता भवन आधुनिक एवं अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है। भवन में सर्वसुविधायुक्त वाचनालय एवं ई-लाइब्रेरी की व्यवस्था की गई है। गीता भवन में 5 हजार से अधिक धार्मिक, ऐतिहासिक, साहित्यिक एवं सामाजिक पुस्तकों के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई गई है। इसके अतिरिक्त गीता भवन में 900 व्यक्तियों की क्षमता वाला अत्याधुनिक वातानुकूलित ऑडिटोरियम, विचार-मंथन कक्ष सहित अन्य आवश्यक एवं आधुनिक सुविधाएँ विकसित की गई हैं, जो इसे अध्ययन, शोध, संवाद एवं वैचारिक विमर्श का एक महत्वपूर्ण केन्द्र बनाती हैं।

विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 44.26 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। जिनमें 5.34 करोड़ रूपये लागत से विभिन्न वार्डों में हरित क्षेत्र एवं उद्यान विकास के कार्य, 12.93 करोड़ रूपये लागत के सीमेंट सड़क, डामरीकरण एवं नाली निर्माण तथा 8.99 करोड़ रूपये लागत के रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के विभिन्न विकास कार्यो के भूमि पूजन किया गया। इसके अतिरिक्त् 5.09 करोड रूपये लागत के सीसी रोड, नाली निर्माण, 1.69 करोड रूपये लागत के हरित क्षेत्र, उद्यान विकास कार्यों के लोकार्पण के साथ ही 44 लाख रूपये लागत से निर्मित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा का अनावरण भी मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा किया गया। इसके अतिरिक्त मंचीय कार्यक्रम के पूर्व 9.78 करोड रूपये लागत के क्रय किये गये तीन अत्याधुनिक मेकेनिकल रोड़ स्वीपिंग वाहनों को हरी झंडी देकर रवाना किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रतीकात्मक रूप से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितलाभ का वितरण किया। साथ ही प्रतीकात्मक स्वरूप युवाओं को श्रीमद्भगवद्गीता की प्रति भेंट की गई।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह, सांसद आशीष दुबे, राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीक, जिला पंचायत अध्यक्ष आशा गोटिया, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अजय बिश्नोई, विधायक अशोक रोहाणी, डॉ. अभिलाष पांडे, संतोष वरकड़े, सुशील तिवारी इंदू सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रबुद्धजन तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

Next Post

इंदौर जल त्रासदी के विरोध में सोहागपुर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, जवाबदेही की मांग

Fri Jan 2 , 2026
सोहागपुर। युवा कांग्रेस के आवाहन पर सोहागपुर में कांग्रेस कमेटी एवं युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में हुई जल त्रासदी के विरोध में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि नगर निगम की गंभीर लापरवाही से ड्रेनेज का दूषित और जहरीला पानी लोगों को सप्लाई किया गया, […]

You May Like