राजा हत्याकांड में नया खुलासा: सरेंडर से पहले शिलांग में सोनम के साथ रुका था परिवार

 

इंदौर. कारोबारी राजा रघुवंशी हत्याकांड में सुनवाई के दौरान अब घटनाक्रम ने नया मोड़ ले लिया है. शिलांग कोर्ट से लौटे राजा के बड़े भाई विपिन रघुवंशी ने दावा किया है कि मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी के आत्मसमर्पण से पहले उसका परिवार भी कई दिनों तक उसी गेस्ट हाउस में ठहरा था, जहां सोनम रह रही थी. उन्होंने जांच एजेंसियों से गेस्ट हाउस के अभिलेख और वहां जमा कराए पहचान पत्रों की पड़ताल करने की मांग की है. दूसरी ओर, सोनम के भाई गोविंद रघुवंशी ने इन आरोपों को पूरी तरह असत्य बताया है. राजा के भाई विपिन ने बताया कि उन्हें न्यायालय में साक्ष्य के तौर पर जब्त किए आभूषण दिखाए, जिनकी पहचान कराई गई. उनका कहना है कि बरामद सामान में एक मंगलसूत्र और सोने की चेन ऐसे दस्तावेजों के साथ मिली, जिनका संबंध सह आरोपी राज कुशवाह से बताया. विपिन ने सवाल उठाया कि सीमित आय वाला व्यक्ति लाखों रुपए के आभूषण कैसे खरीद सकता है. उनका यह भी कहना है कि खरीद से जुड़े दस्तावेज विवाह से पहले के हैं, जिससे पूरे मामले में नए संदेह पैदा होते हैं. विपिन का कहना है कि शिलांग में मिली जानकारी के आधार पर उन्हें बताया गया कि सोनम के परिवार के सदस्य भी कुछ दिनों तक उसी ठिकाने पर मौजूद थे. उनका कहना है कि यदि ऐसा है तो गेस्ट हाउस के रजिस्टर, पहचान पत्रों की प्रतियां और ठहरने का रिकॉर्ड पूरे घटनाक्रम की कई परतें खोल सकता है. उन्होंने यह भी आशंका जताई कि कमरा किसी दूसरे व्यक्ति के नाम से बुक कराया हो सकता है. उन्होंने बताया कि सुनवाई के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उन्होंने सोनम रघुवंशी सहित अन्य आरोपियों को देखा. उनका कहना था कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर दोषियों को शीघ्र सजा मिलनी चाहिए. उधर, विपिन के आरोपों का जवाब देते हुए सोनम के भाई गोविंद रघुवंशी ने कहा कि जिस समय की बात कही जा रही है, उस दौरान उनके माता पिता इंदौर में मौजूद थे, जबकि वह स्वयं व्यावसायिक कार्य से बेंगलुरु गए हुए थे. उन्होंने परिवार के शिलांग में रहने के दावे को महज अफवाह और तथ्यहीन बताया.

Next Post

नियमों की अनदेखी: होटल, ढाबों और मंगल भवनों में मनमानी, जिम्मेदार विभाग मौन

Thu Aug 6 , 2026
सौसर, सौसर सौसर सहित अंचल में संचालित होटल, ढाबों और मंगल भवनों में नियमों की खुलेआम अनदेखी का मामला सामने आ रहा है। प्रशासनिक उदासीनता के चलते इन स्थानों पर कई गंभीर अनियमितताएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे आमजन की सुविधा और सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। *अवैध […]

You May Like