
इंदौर. 70 करोड़ रुपए की एमडीएमए (मेफेड्रोन) ड्रग्स तस्करी मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को इंदौर व मंदसौर समेत कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. कार्रवाई में आरोपियों के वित्तीय नेटवर्क से जुड़े अहम दस्तावेज, डिजिटल साक्ष्य और बैंक लॉकर की जानकारी मिली है.
ईडी की अधिकृत जानकारी के अनुसार इंदौर सब जोनल कार्यालय ने यह कार्रवाई इंदौर क्राइम ब्रांच द्वारा एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 और 22 के तहत दर्ज एफआईआर के आधार पर की. जांच में सामने आया कि मामले का एक प्रमुख आरोपी अपने सभी ज्ञात ठिकानों से फरार था. इसके बाद ईडी ने हैदराबाद, बीकानेर और इंदौर में कई दिनों तक खुफिया निगरानी और तकनीकी विश्लेषण के जरिए उसकी तलाश की. आखिरकार आरोपी को इंदौर के एक अज्ञात ठिकाने से ट्रेस कर उसके यहां तलाशी की कार्रवाई की गई. तलाशी के दौरान आरोपियों की संपत्तियों, वित्तीय लेनदेन और अपराध से अर्जित धन (प्रोसीड्स ऑफ क्राइम) से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज व डिजिटल उपकरण जब्त किए हैं. ईडी इनकी फोरेंसिक जांच कर ड्रग्स कारोबार से जुड़े मनी ट्रेल, अवैध संपत्तियों और धनशोधन के नेटवर्क की पड़ताल करेगी. कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के रिश्तेदार के नाम पर बैंक लॉकर होने की जानकारी भी मिली है. बताया गया है कि लॉकर की तलाशी और जब्ती की कार्रवाई अलग से की जा रही है. ईडी अधिकारियों का कहना है कि बरामद साक्ष्यों से ड्रग्स तस्करी के वित्तीय नेटवर्क, इसमें शामिल अन्य लोगों और अपराध से अर्जित संपत्तियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है. मामले में आगे की जांच जारी है.
