
छतरपुर। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक 21 वर्षीय युवक पर कुल्हाड़ी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल युवक ने हमलावरों पर 50 हजार रुपये लूटने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि फिलहाल लूट की पुष्टि नहीं हुई है और मामले की जांच की जा रही है।
घायल की पहचान ऋतिक कुशवाहा के रूप में हुई है, जिसका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। ऋतिक ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात करीब 11:30 बजे वह अपने चाचा द्वारा दिए गए 50 हजार रुपये अपनी चाची को देने जा रहा था। इसी दौरान मुक्तिधाम के पीछे सुमित कुशवाहा और अजय नामक दो युवकों ने उसे रोक लिया।
आरोप है कि दोनों युवक शराब के नशे में थे और उससे रुपये मांगने लगे। मना करने पर उन्होंने कार की चाबी निकाल ली और वाहन में तोड़फोड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने कुल्हाड़ी से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। ऋतिक का आरोप है कि इसके बाद आरोपी कार में रखे 50 हजार रुपये लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना पर स्थानीय लोग और परिजन घायल को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहीं सिटी कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एसआई कुलदीप सिंह जादौन ने बताया कि दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट हुई थी और दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं। लूट के आरोपों की भी जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
