ईरान ने अमेरिकी-इजरायली हमले में इटली पर सहयोग देने का आरोप लगाया

तेहरान, 28 जून (वार्ता) ईरान ने इटली पर उसके खिलाफ शुरू किए गए अमेरिकी-इजरायली हमले में ‘स्पष्ट और प्रत्यक्ष’ भूमिका निभाने का आरोप लगाया है।

यह आरोप उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के महासचिव मार्क रुटे के उस खुलासे के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि युद्ध के दौरान इटली में अमेरिकी ठिकानों से सैकड़ों अमेरिकी सैन्य विमानों ने उड़ान भरी थी।ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि इटली द्वारा ‘तकनीकी और रसद’ सहायता प्रदान करने की बात स्वीकार करना एक ‘अवैध युद्ध’ में मिलीभगत के समान है।

यह टिप्पणी श्री रुटे के उस बयान के बाद आयी है जिसमें उन्होंने कहा था कि इटली ने हमलों के दौरान अपने क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों से 500 अमेरिकी सैन्य विमानों को उड़ान भरने की अनुमति दी थी। श्री रुटे ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ बैठक से पहले फॉक्स न्यूज से कहा, “एक के बाद एक देश, एक के बाद एक सहयोगियों ने अपने ठिकाने उपलब्ध कराए हैं। इसका मतलब है कि ‘एपिक फ्यूरी’ के दौरान यूरोपीय ठिकानों से 4,000 से 5,000 के बीच हजारों विमानों ने उड़ान भरी। यूरोप संयुक्त राज्य अमेरिका के लिए शक्ति प्रदर्शन का एक मंच है।”

श्री रुटे की यह टिप्पणी इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की सरकार के पिछले बयानों के विपरीत प्रतीत होती है। उनकी सरकार ने पहले दावा किया था कि इटली ने सैन्य अभियान में भाग नहीं लिया और देश में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को नियंत्रित करने वाले मौजूदा द्विपक्षीय समझौतों के तहत केवल रसद और तकनीकी उड़ानों की अनुमति दी थी।

श्री बघाई ने इस खुलासे पर प्रतिक्रिया देते हुए इटली पर जिम्मेदारी से खुद को दूर करने का प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गलत कृत्य में मिलीभगत की जिम्मेदारी से बचने के उद्देश्य से किया गया एक विरोधाभासी और भ्रामक तर्क है- हमलावरों को किसी भी प्रकार की सहायता या सहयोग देने से सार्वजनिक रूप से इनकार करना, जबकि खुले तौर पर ‘तकनीकी और रसद’ सहायता को स्वीकार करना।”

प्रवक्ता ने कहा, “आक्रमणकारियों को ‘तकनीकी और रसद’ सहायता प्रदान करना एक अवैध युद्ध को अंजाम देने में स्पष्ट और प्रत्यक्ष योगदान के अलावा और कुछ नहीं है।” उन्होंने कहा कि परिचालन, रसद या सैन्य सहायता प्रदान करने वाले देश अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकते।

श्री रुटे की टिप्पणियों ने इटली में भी राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। इटली के रक्षा मंत्री गुइडो क्रोसेतो ने इटली की भूमिका को लेकर नाटो प्रमुख के बयान को खारिज करते हुए कहा कि देश के ठिकानों का उपयोग करने के लिए केवल मौजूदा संधियों के तहत अनुमति प्राप्त उड़ानों को ही मंजूरी दी गई थी।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “केवल संधियों के अनुरूप उड़ानें, श्री रुटे का संदेश पूरी तरह से भ्रामक है।”

विपक्षी नेताओं ने हालांकि सरकार से जवाब मांगा है। ग्रीन एंड लेफ्ट एलायंस के नेता एंजेलो बोनेली ने कहा, “सुश्री मेलोनी ने इटली के लोगों और संसद को धोखा दिया।”

श्री रुटे ने इस हमले में रोमानिया के योगदान की भी सराहना की और कहा कि रोमानिया ने सैन्य टैंकर संचालन को सुगम बनाने के लिए वाणिज्यिक हवाई यातायात को कम कर दिया था। उन्होंने यूरोपीय नाटो सदस्यों के वित्तीय और रसद योगदान को ‘विशाल’ और ‘चौंकाने वाला’ बताया, हालांकि उन्होंने विशिष्ट आंकड़े नहीं दिए।

यह विवाद पश्चिम एशिया में अमेरिकी सैन्य अभियानों के समर्थन को लेकर यूरोप के भीतर चल रही बहस के बीच आया है। श्री ट्रम्प ने ईरान के खिलाफ अभियान के लिए पर्याप्त समर्थन नहीं देने के लिए यूरोपीय सहयोगियों की बार-बार आलोचना की है। इसी साक्षात्कार में, श्री रुटे ने युद्ध के प्रति अमेरिकी दृष्टिकोण का बचाव करते हुए कहा, “मुझे लगता है कि श्री ट्रम्प ने ईरान के मामले में बिल्कुल वही किया है जो उन्हें करने की आवश्यकता थी। मुझे यह भी लगता है कि वह इस समझौते की ओर बढ़ने के लिए सही हैं।”

ईरान ने बार-बार तर्क दिया है कि उसके खिलाफ सैन्य अभियानों को सुगम बनाने वाले देश अंतरराष्ट्रीय कानूनों के उल्लंघन के लिए जिम्मेदार हैं। उसने इस मुद्दे को राजनयिक मंचों पर उठाने का संकल्प भी लिया है।

Next Post

पल्स पोलियो अभियान शुरू, 5 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

Sun Jun 28 , 2026
इंदौर. जिले में रविवार को पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ शासकीय पॉलीक्लिनिक हुकुमचंद से किया. कलेक्टर शिवम वर्मा ने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की. इस दौरान जनजागरूकता के लिए ऑटो रैली को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. शुभारंभ […]

You May Like