
भोपाल। मध्यप्रदेश की नर्सिंग शिक्षा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरव प्राप्त हुआ है। प्रदेश की पूर्व नर्सिंग छात्रा निशा मेहता को नेपाल में हालिया राजनीतिक बदलाव के बाद वहां की स्वास्थ्य एवं जनसंख्या मंत्री नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति को न केवल प्रदेश बल्कि वैश्विक नर्सिंग समुदाय के लिए एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायक उपलब्धि माना जा रहा है।
एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने निशा मेहता को बधाई देते हुए कहा कि यह मध्यप्रदेश से जुड़े हर नर्सिंग छात्र-छात्रा के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि पहली बार विश्व स्तर पर नर्सिंग पेशे से जुड़े किसी प्रतिनिधि को इतने महत्वपूर्ण मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो इस क्षेत्र की नेतृत्व क्षमता और दक्षता को दर्शाता है।
परमार ने बताया कि निशा मेहता ने वर्ष 2006 से 2010 के बीच एम्स दिल्ली से बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने ग्वालियर स्थित पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज ऑफ नर्सिंग से एमएससी नर्सिंग की डिग्री हासिल की। उनकी यह शैक्षणिक यात्रा आज राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंचने का प्रेरक उदाहरण है।
उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश के नर्सिंग विद्यार्थियों का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही नेपाल जाकर निशा मेहता से मुलाकात करेगा और उन्हें प्रदेश आने का आमंत्रण देगा।
रवि परमार ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में नर्सिंग से जुड़े योग्य अधिकारियों को शीर्ष प्रशासनिक पदों पर अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि नर्सिंग संवर्ग को उचित प्रतिनिधित्व, मजबूत कैडर व्यवस्था और पदोन्नति में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।
