विदेश में टूर ट्रिप का झांसा देकर लाखों की ठगी,आरोपी पति पत्नी फरार

सतना: शहर के राजेंद्र नगर इलाके में ‘एमपी ऑनलाइन’ और ‘हॉलीडे प्लान’ की दुकान चलाने वाले एक दंपत्ति पर विदेश यात्रा के नाम पर लाखों की ठगी करने का गंभीर आरोप लगा है। आरोपी राहुल जैन और उनकी पत्नी सैनी जैन लोगों से मोटी रकम वसूलने के बाद पिछले कई दिनों से लापता हैं। बुधवार को पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।पुष्पराज कॉलोनी निवासी आनंद जैन ने बताया कि उनकी मुलाकात राहुल और सैनी जैन से एक सामाजिक कार्यक्रम के दौरान हुई थी। पहले कुछ छोटे काम सफलतापूर्वक करने के कारण परिवार का उन पर भरोसा बढ़ गया था। इसी विश्वास के चलते आनंद जैन ने अपनी बेटी आयुषी और दामाद गुरदीप के मालदीव टूर के लिए राहुल जैन से संपर्क किया।

आरोप है कि टूर पैकेज और बुकिंग के नाम पर विभिन्न किश्तों में कुल 2,05,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए। राहुल जैन ने वादा किया था कि नवंबर के मध्य तक सभी टिकट और होटल वाउचर मिल जाएंगे। लेकिन समय बीतने के बाद जब विवरण मांगा गया, तो पहले टालमटोल की गई और फिर आरोपियों ने मोबाइल बंद कर दिया। जब परिजनों ने राहुल की पत्नी से संपर्क किया, तो उन्होंने पति के मुंबई जाने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया। पीड़ित पक्ष द्वारा सौंपे गए लिखित आवेदन पर एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कर ली गई है और साइबर सेल की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच के बाद जल्द ही एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी
 और भी हैं पीड़ित
पीड़ित आनंद जैन का दावा है कि वह अकेले शिकार नहीं हैं। उनके मुताबिक, शहर के कई अन्य व्यापारियों से भी मालदीव, दुबई और वियतनाम जैसे देशों के टूर पैकेज के नाम पर ठगी की गई है। शिकायत में मांग की गई है कि आरोपियों के बैंक ट्रांजेक्शन की जांच की जाए। मोबाइल नंबरों को साइबर सेल के जरिए ट्रैक किया जाए। आरोपियों के पासपोर्ट ब्लॉक किए जाएं ताकि वे देश छोड़कर न भाग सकें।
 गुमशुदगी की शिकायत
मामला तब और पेचीदा हो गया जब राहुल जैन की दुकान के मालिक ऋषभ सिंह ने भी सिटी कोतवाली में उनके लापता होने का आवेदन दिया। 19 दिसंबर से राहुल जैन का कोई सुराग नहीं है। दुकान मालिक के अनुसार, राहुल ने उनके बाबा से किराए पर दुकान ली थी और वह बिना बताए गायब है।

Next Post

जेएसडब्ल्यू समूह ने संदीप बत्रा को बनाया मुख्य मानव संसाधन अधिकारी

Thu Dec 25 , 2025
मुंबई, (वार्ता) इस्पात, ऊर्जा और अन्य कारोबार में लगे प्रतिष्ठित जेएसडब्ल्यू समूह ने अपनी मानव संसाधन (एचआर) प्रबंधन टीम को और मजबूत बनाने के लिए संदीप बत्रा को प्रेसिडेंट एवं मुख्य मानव संसाधन अधिकारी ( स्टील एवं कॉर्पोरेट) बनाया है। कंपनी ने बुधवार को एक विज्ञप्ति में बताया कि श्री […]

You May Like