कार पलटी: लोमहर्षक हादसे में मां-बेटे व बहू की मौत

भैरूंदा. रविवार को देवास जिले के ग्राम चापड़ा- बिजवाड़ के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में तहसील के ग्राम बोरखेड़ा बामन गांव निवासी एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतकों में मां- बेटा और बहू शामिल हैं.

जानकारी के अनुसार बोरखेड़ा बामन निवासी पुरोहित-शर्मा परिवार के गोपाल शर्मा की धर्मपत्नी सुनीता शर्मा शिक्षिका आयु 55 वर्ष, अपने बड़े बेटे अभिषेक शर्मा आयु 35 वर्ष, बहू नेहा शर्मा आयु 30 वर्ष, छोटे बेटे अमितेश एवं भाई लोकेश के साथ में इंदौर से कार द्वारा वापस भैरूंदा आ रहे थे. बताया जा रहा है कि चापड़ा-बिजवाड़ के बीच में मौखा पिपलिया के पास उनकी कार दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई. गाड़ी अनियंत्रित होकर खेत में जा गिरी, जिसमें सुनीता शर्मा, बेटे अभिषेक शर्मा, बहू नेहा शर्मा की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं छोटे बेटे एवं भाई को इंदौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. छोटे बेटे को भी गंभीर चोटें आई हैं. भाई को भी चोटें आई हैं फिलहाल उनका इलाज जारी है. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी को गाड़ी के बाहर निकाला. मां – बेटे की मौत मौके पर ही हो गई, वहीं बहू ने अस्पताल लाते वक्त दम तोड़ा. ग्रामीणों ने बताया कि पुरोहित-शर्मा परिवार बेहद मिलनसार था. बोरखेड़ा बामन गांव उनका पैतृक गांव है, लेकिन नौकरी एवं पढ़ाई-लिखाई के लिए वे भैरूंदा में रहने लगे. त्यौहारों, अवकाश पर वे लगातार यहां आते-जाते रहते थे. गांव में हर एक व्यक्ति से वह गर्मजोशी से मिलते थे.

एक घर से उठी तीन अर्थियां, हर आंख हुई नम

भैरूंदा तहसील का बोरखेड़ा बामन गांव, जहां पर हर दिन की तरह सब कुछ सामान्य था. लोग अपनी दिनचर्या में व्यस्त थे, किसान खेतों की तरफ जा रहे थे, इसी दौरान गांव में एक खबर सुनाई दी. इसके बाद गांव में पूरी तरह से मातम छा गया. लोगों तक यह खबर पहुंची वे गमगीन हो गए और सब अपने कामों को छोड़कर पुरोहित परिवार के घर पर पहुंचने लगे. गांव में पूरी तरह से मातम छा गया. पुरोहित-शर्मा परिवार पर तो वज्रपात हो गया. परिवार के तीन सदस्यों की दर्दनाक हादसे में मौत हो गई तो वहीं दो गंभीर रूप से घायल हो गए. जब गांव से तीनों की अर्थियों उठी तो गांव के बच्चे, युवा, बुजुर्ग, महिलाएं सभी की आंखें नम हो गई . गांव वालों ने इससे पहले ऐसा दुख कभी नहीं देखा. एक साथ तीन अर्थियां देखकर कोई भी अपने आपको नहीं रोक पाया.

Next Post

कार में सवार प्रेमी युगल ने खाया जहर, दोनों की मौत

Sun Jul 27 , 2025
सीहोर। भोपाल-इंदौर हाईवे स्थित एक ढाबे पर उस वक्त सनसनी का माहौल निर्मित हो गया जब ढाबे के पास एक कार में युवक और युवती बेसुध अवस्था में मिले. राहगीरों की सूचना पर डायल 100 और एम्बुलेंस 108 मौके पर पहुंची. दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां युवती […]

You May Like