
आलीराजपुर। कृष्ण जन्म उत्सव समिति द्वारा प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी राजवाड़ा परिसर में भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया गया। धार्मिक उत्साह, उमंग और रोमांच से सराबोर इस आयोजन में विभिन्न मटकी फोड़ प्रतियोगिताओं ने देर रात तक हजारों दर्शकों को बांधे रखा। पूरा राजवाड़ा परिसर शुरुआत से लेकर देर रात तक दर्शकों से खचाखच भरा रहा और चारों ओर “जय श्री कृष्ण” के जयघोष गूंजते रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री श्री नागरसिंह जी चौहान एवं सांसद श्रीमती अनिता चौहान उपस्थित रहे। वहीं विशेष अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष (मकू) परवाल, कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर एवं पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह भदौरिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्रों से आए दर्शक मौजूद रहे।
मटकी फोड़ के लिए पुरस्कार राशि एक लाख के पार
महोत्सव में आयोजित मुख्य मटकी फोड़ प्रतियोगिता के लिए कैबिनेट मंत्री श्री नागरसिंह चौहान एवं सांसद श्रीमती अनिता चौहान की ओर से 51 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की गई थी। कार्यक्रम स्थल पर प्रतियोगिता को लेकर दर्शकों और कार्यकर्ताओं में इतना उत्साह देखने को मिला कि भाजपा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए दर्शकों ने भी अपनी ओर से पुरस्कार राशि देने की घोषणा की। देखते ही देखते पुरस्कार की राशि एक लाख रुपये से अधिक पहुंच गई, जिससे प्रतियोगिता का उत्साह और रोमांच कई गुना बढ़ गया।
नन्हे बच्चों ने जमीन मटकी में दिखाया उत्साह
महोत्सव के दौरान छोटे बच्चों के लिए विशेष रूप से जमीन मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें बड़ी संख्या में छोटे-छोटे बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने अपनी प्रतिभा और जोश का प्रदर्शन करते हुए मटकी फोड़ने का प्रयास किया। प्रतियोगिता के विजेता बच्चों को आयोजकों द्वारा नकद पारितोषिक प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कपल मटकी फोड़ ने खूब बटोरी तालियां
कार्यक्रम में आयोजित कपल मटकी फोड़ प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इस प्रतियोगिता में रस्सी से बंधी मटकी का एक छोर पति-पत्नी में से एक के हाथ में रहता था, जबकि दूसरा साथी मटकी फोड़ने का प्रयास करता था।इस दौरान सांसद श्रीमती अनिता चौहान ने रस्सी संभाली तो कैबिनेट मंत्री श्री नागरसिंह चौहान ने मटकी फोड़ी, वहीं जब मंत्री श्री नागरसिंह चौहान ने रस्सी संभाली तो सांसद श्रीमती अनिता चौहान ने मटकी फोड़कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
इसी प्रकार कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर और उनके पति श्री ऋषभ माथुर ने भी कपल मटकी फोड़ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। एक बार ऋषभ माथुर ने रस्सी संभाली और कलेक्टर नीतू माथुर ने मटकी फोड़ी, वहीं दूसरी बार कलेक्टर नीतू माथुर ने रस्सी संभाली और उनके पति ऋषभ माथुर ने मटकी फोड़कर प्रतियोगिता का आनंद लिया। इस दौरान पूरा परिसर तालियों और जयकारों से गूंज उठा।
15 वर्ष से कम उम्र के बच्चों ने 15 फीट ऊंची मटकी के लिए लगाया जोर
महोत्सव में 15 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए 15 फीट ऊंची आकाश मटकी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें विभिन्न टीमों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में टीम राज ने शानदार प्रयास करते हुए सफलता हासिल की और 5,100 रुपये का पुरस्कार अपने नाम किया।
9 टीमों के बीच देर रात तक चला रोमांचक मुकाबला
महोत्सव की सबसे बड़ी और रोमांचक प्रतियोगिता बड़ी आकाश मटकी रही। इसमें थाना सेमली, कवठू, बोरकुंआ, गढ़ात, चचरिया, उंदा, अलवई, बढ़दला, कंदा जोबट एवं पुजारा की चौकी सहित विभिन्न क्षेत्रों से कुल 9 टीमों ने अपनी ताकत और सामूहिक कौशल का प्रदर्शन किया।
ऊंचाई पर बंधी मटकी तक पहुंचने के लिए टीमों के सदस्यों ने एक-दूसरे के कंधों पर चढ़कर मानव पिरामिड बनाया। कई बार टीमें ऊपर तक पहुंचीं तो कई बार संतुलन बिगड़ने से नीचे आ गिरीं। इसके बावजूद खिलाड़ियों ने हार नहीं मानी और लगातार प्रयास जारी रखा।
दर्शकों का उत्साह भी देखते ही बन रहा था। जैसे-जैसे रात आगे बढ़ती गई, वैसे-वैसे प्रतियोगिता का रोमांच बढ़ता गया। दर्शक अपनी-अपनी पसंदीदा टीमों का उत्साहवर्धन करते हुए लगातार तालियां बजाते और जयकारे लगाते रहे।
रात 1 बजे कंदा जोबट ने अंतिम प्रयास में फोड़ी मटकी
कई दौर के रोमांचक प्रयासों के बाद आखिरकार कंदा जोबट की टीम ने अंतिम प्रयास में सफलता हासिल की। रात करीब 1 बजे कंदा जोबट की टीम ने आकाश मटकी फोड़कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया।
मटकी फूटते ही पूरा राजवाड़ा परिसर “जय श्री कृष्ण” और “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से गूंज उठा। टीम के सदस्यों एवं समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
इसके बाद उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की आरती उतारी गई। आरती के पश्चात विजेता कंदा जोबट की टीम को नगद पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
देर रात तक उमड़ा जनसैलाब
भव्य जन्माष्टमी महोत्सव में धार्मिक आस्था के साथ खेल और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिला। बच्चों से लेकर युवाओं और परिवारों तक सभी वर्ग के लोगों ने कार्यक्रम का आनंद लिया। शुरुआत से लेकर रात 1 बजे तक राजवाड़ा परिसर में दर्शकों की भारी भीड़ बनी रही।
कृष्ण जन्म उत्सव समिति द्वारा आयोजित इस आयोजन ने आलीराजपुर में जन्माष्टमी पर्व को उत्साह, उमंग और सामाजिक सहभागिता के साथ मनाने की परंपरा को और मजबूत किया। देर रात तक चले इस आयोजन का समापन भगवान श्रीकृष्ण की आरती एवं विजेता टीम के सम्मान के साथ हुआ।
वही कार्यक्रम में अतिथियों एवं समिति सदस्य के साथ साथ वरिष्ठ नेता किशोर शाह, हितेंद्र शर्मा, राजू मोदी, अभिषेक गेहलोद, प्रतापसिंह सिसोदिया, युवा नेता हर्षराज चौहान एवं उनके पूरी मित्रमंडली सहित बड़ी संख्या में जनमानस उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कृष्ण जन्म उत्सव समिति के दिलीप चौहान, रिंकेश तंवर, मोंटू शाह, रितेश डावर, विकास माहेश्वरी, गोविंदा गुप्ता, गिरिराज मोदी, राजेश गुप्ता, संदीप राही, अंकित शाह, माधु कनेश, महेश भिड़े, मुकेश बारेला, रामनारायण माली, पप्पू चौहान, राहुल केमता चौहान, मनोज राठौड़, सहित कई युवाओं का सराहनीय योगदान रहा जिसके लिए कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने सभी को बधाईयां देकर प्रोत्साहित किया।
