नयी दिल्ली, 01 मार्च (वार्ता) ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अमेरिका-इजरायल हमलों में मारे जाने के बाद रविवार को दिल्ली, लखनऊ और जम्मू के कुछ हिस्सों में विरोध-प्रदर्शन हुए। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली स्थित जामिया मिल्लिया इस्लामिया के बाहर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। प्राप्त जानकारी के अनुसार अमेरिकी-इजरायली हमले में श्री खामेनेई के मारे जाने की रिपोर्टों के बाद शोक व्यक्त करने और विशेष नमाज़ अदा करने के लिए यहां काफी संख्या में लोग एकत्र हुए थे।
छात्र समूहों और स्थानीय नेताओं को भी ईरानी नेता के समर्थन में प्रदर्शन करते देखा गया। इससे पहले लखनऊ और जम्मू से भी विरोध-प्रदर्शन की खबरें आई थीं। लखनऊ में शिया समुदाय के सदस्यों ने अमेरिका और इज़राइल के खिलाफ नारेबाजी की और घटना पर कड़ा विरोध जताया। प्रदर्शन के मद्देनजर शहर के कुछ इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

