​साक्षरता मिशन के होर्डिंग्स ही असाक्षर: कलेक्ट्रेट में लगी प्रचार सामग्री में गलतियों की भरमार

बैतूल। कलेक्ट्रेट परिसर में लगाए गए जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के होर्डिंग्स में भाषा संबंधी कई त्रुटियां सामने आने से विभाग की कार्यप्रणाली और भाषा दक्षता पर सवाल उठने लगे हैं। साक्षरता और भाषा के प्रसार के उद्देश्य से लगाए गए इन होर्डिंग्स में वर्तनी और व्याकरण की गलतियां देखी गई हैं, जो चर्चा का विषय बनी हुई हैं।

कलेक्ट्रेट परिसर में मुख्य द्वार के सामने लगाए गए होर्डिंग्स में साक्षरता मिशन के उद्देश्य और कार्यक्रमों की जानकारी दी गई है। पहले होर्डिंग में शीर्षक के रूप में लिखे गए वाक्य ‘इसलिए जन जन के सपनों’ में ‘जन-जन’ के बीच योजक चिन्ह का अभाव है। इसके अलावा ‘पढ़ेगें’, ‘पढ़ाएगें’ और ‘बनाएगें’ जैसे शब्दों में अनुस्वार का प्रयोग गलत तरीके से किया गया है। इन शब्दों का शुद्ध रूप ‘पढ़ेंगे’, ‘पढ़ाएंगे’ और ‘बनाएंगे’ होता है।

इसी होर्डिंग में आगे लिखे गए वाक्यों में ‘जिन्होने’, ‘नहि’, ‘युनेस्कों’, ‘व्यस्कों’ और ‘लिऐ’ जैसे शब्द भी अशुद्ध पाए गए हैं, जिनका सही रूप क्रमशः ‘जिन्होंने’, ‘नहीं’, ‘यूनेस्को’, ‘वयस्कों’ और ‘लिए’ है। परिसर में लगे दूसरे होर्डिंग में भी ‘जिन्होने’, ‘नहि’, ‘उन्हे’ और ‘लिऐ’ जैसे शब्दों में वर्तनी संबंधी त्रुटियां देखी गईं। साथ ही ‘अक्षर साथी बने’ लिखा गया है, जबकि इसका सही रूप ‘अक्षर साथी बनें’ होना चाहिए।

सरकारी विभागों द्वारा जारी प्रचार सामग्री में भाषा की शुद्धता का विशेष महत्व होता है, क्योंकि इसका सीधा संबंध विभाग की विश्वसनीयता और पेशेवर कार्यप्रणाली से जुड़ा होता है। ऐसे में साक्षरता जैसे महत्वपूर्ण विषय से संबंधित विभाग की सामग्री में इस प्रकार की त्रुटियां सामने आना लापरवाही की ओर संकेत करता है।

कलेक्ट्रेट परिसर में प्रतिदिन जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों का आवागमन होता है। ऐसे में होर्डिंग्स में मौजूद गलतियां लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस प्रकार की त्रुटियां विभाग की छवि को प्रभावित करती हैं और साक्षरता अभियान के उद्देश्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती हैं।

इस संबंध में जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के अधिकारियों की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है। जानकारों का कहना है कि प्रचार सामग्री जारी करने से पूर्व भाषा और सामग्री की सावधानीपूर्वक जांच आवश्यक है, ताकि इस प्रकार की त्रुटियों से बचा जा सके।

Next Post

भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियों की घोषणा

Sun Mar 1 , 2026
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल की सहमति से भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियों की घोषणा की है, जो निम्नानुसार है। Facebook Share on X LinkedIn WhatsApp Email Copy Link

You May Like