ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर एशले गार्डनर महिला प्रीमियर लीग(WPL) 2026 में गुजरात जायंट्स की कप्तानी करेंगी। फ्रेंचाइजी ने 3.50 करोड़ रुपये में उन्हें रिटेन किया था।
डब्ल्यूपीएल 2026 के लिए गुजरात जायंट्स ने अपने कप्तान का ऐलान कर दिया है। ऑस्ट्रेलियाई स्टार ऑलराउंडर एश्ले गार्डनर को महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के लिए गुजरात जायंट्स की कप्तान नियुक्त किया गया है। टूर्नामेंट की शुरुआत 9 जनवरी, 2026 से नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में होगी। अहमदाबाद स्थित अडानी समूह के स्वामित्व वाली फ्रेंचाइजी ने सोमवार रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी आधिकारिक घोषणा की।
28 वर्षीय एश्ले गार्डनर पिछले तीन सीजन से गुजरात जायंट्स का अहम हिस्सा रही हैं। उन्होंने अब तक फ्रेंचाइजी के लिए 25 WPL मुकाबले खेले हैं, जिनमें 567 रन बनाने के साथ-साथ 25 विकेट भी झटके हैं। WPL 2026 की नीलामी से पहले गुजरात जायंट्स ने गार्डनर को 3.50 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। वह आगामी सीज़न में सबसे ज़्यादा सैलरी पाने वाली शीर्ष तीन खिलाड़ियों में शामिल होंगी।
