
ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय द्वारा डिग्री, अहर्ता प्रमाण पत्र, माइग्रेशन और प्रोफेशनल डिग्री सहित विभिन्न शैक्षणिक शुल्कों में की गई बेतहाशा वृद्धि के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने बुधवार को विश्वविद्यालय परिसर में जमकर हल्ला बोला।
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने प्रशासनिक भवन के सामने धरना देकर जोरदार प्रदर्शन किया और फीस वृद्धि के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय ने बिना किसी पूर्व सूचना के 30 से 50 प्रतिशत तक फीस बढ़ा दी है, जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के छात्रों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कुलसचिव कार्यालय का घेराव किया और कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपा। एबीवीपी के जिला संयोजक ने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा का मंदिर है, व्यवसाय का केंद्र नहीं। अगर बढ़ी हुई फीस वापस नहीं ली गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों को समझाइश देकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। काफी देर तक हंगामे के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
