
देवास। अपराधों पर लगाम कसने और रात के अंधेरे में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए देवास पुलिस ने 15 एवं 16 सितंबर की मध्यरात्रि जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रमुख चौराहों, मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस ने नाकाबंदी कर 675 वाहनों की जांच की। इस दौरान 20 निगरानीशुदा बदमाशों और 2 हिस्ट्रीशीटरों का भी सत्यापन किया गया। संदिग्ध वाहनों पर कार्रवाई के साथ पुलिस ने रात की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निगरानी का संदेश दिया।
शहरी क्षेत्र में 485 तथा ग्रामीण क्षेत्र में 190 वाहन शामिल हैं। चेकिंग के दौरान संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की गतिविधियों पर भी सतर्क निगरानी रखी गई। राजोदा चौराहा पर वाहन चेकिंग के दौरान 1 संदिग्ध मोटरसाइकिल को चेक कर दस्तावेज सत्यापन हेतु थाना नाहर दरवाजा पर खड़ा कराया गया। सत्यापन उपरांत वाहन चालक के विरुद्ध धारा 51/177 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। मक्सी बायपास पर वाहन चेकिंग के दौरान 2 संदिग्ध वाहन 1 दोपहिया एवं 1 चारपहिया वाहन को चेक कर दस्तावेज सत्यापन हेतु थाना बैंक नोट प्रेस पर खड़ा कराया गया। सत्यापन उपरांत संबंधित वाहनों के संबंध में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई।
थाना उदयनगर पुलिस ने रात्रि गश्त एवं वाहन चेकिंग के दौरान 1 संदिग्ध ट्रक को चेक कर दस्तावेज सत्यापन हेतु थाने पर खड़ा कराया। दस्तावेजों का सत्यापन कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
गुंडा एवं हिस्ट्रीशीटर चेकिंग-
रात्रि गश्त के दौरान जिला देवास के समस्त थानों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानीशुदा बदमाशों की उपस्थिति एवं गतिविधियों का सत्यापन किया गया। इस दौरान 20 गुंडा एवं 2 हिस्ट्रीशीटर चेक किए गए।
देवास पुलिस द्वारा अपराधों की रोकथाम, रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नियंत्रण के उद्देश्य से रात्रि गश्त, नाकाबंदी, वाहन चेकिंग एवं निगरानीशुदा बदमाशों की चेकिंग निरंतर जारी रखी जा रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वाहन चलाते हुए यातायात नियमों का पालन करें, नशे की अवस्था में वाहन न चलाएं तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 पर दें। आमजन की सतर्कता एवं पुलिस के सहयोग से अपराधों की रोकथाम और सुरक्षित वातावरण बनाया जा सकता है।
