नयी दिल्ली 16 सितम्बर (वार्ता) भारतीय तटरक्षक बल कमांडरों का तीन दिन का 43 वाँ सम्मेलन गुरुवार से यहां शुरू होगा जिसमें समुद्री सुरक्षा और बल के आधुनिकीकरण समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ उद्घाटन के दिन वरिष्ठ नेतृत्व को संबोधित करेंगे।
देशभर से तटरक्षक बल के वरिष्ठ कमांडर इस वार्षिक बैठक में शामिल होंगे। तीन दिन की बैठक में समुद्री सुरक्षा की मौजूदा और उभरती चुनौतियों, अभियान के लिए तैयारी और संसाधनों की तैनाती पर चर्चा होगी। इसके अलावा बल की क्षमताएं बढ़ाने और आधुनिकीकरण की रूपरेखा तथा राष्ट्रीय समुद्री रणनीति के अनुरूप संगठन की प्राथमिकताओं पर भी विचार किया जायेगा।
बैठक में ‘मेक इन इंडिया’ कार्यक्रम के तहत स्वदेशीकरण को बढ़ावा देने के लिए चल रही पहलों की भी समीक्षा होगी। यह सम्मेलन भारत के समुद्री हितों की सुरक्षा के लिए भारतीय तटरक्षक बल को मजबूत, आधुनिक और भविष्य के लिए तैयार बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मंच होगा।
